श्रीकांत पारीक निकाय चुनाव-2026 में झुंझुनूं नगर परिषद के 60 वार्डों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बेहद दिलचस्प और चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। इस बार पार्षद पद के लिए दो से अधिक संतान की बाध्यता हटने का असर भी देखने को मिल रहा है। दैनिक भास्कर ने नामांकन पत्र के साथ दाखिल 359 उम्मीदवारों के हलफनामों का विश्लेषण किया, तो सामने आया कि इस बार 97 प्रत्याशी ऐसे हैं जिनके दो से अधिक बच्चे हैं। इनमें से दो उम्मीदवार तो 8-8 बच्चों वाले हैं। इतना ही नहीं इस बार बीटेक, एमटेक, एलएलबी और डॉक्टर जैसी प्रोफेशनल डिग्री वाले 37 युवाओं ने भी दावेदारी ठोकी है। राजनीति में कॅरिअर बनाने के लिए शहर में 34 जेन जी प्रत्याशी भी मैदान में उतरे हैं। नगर परिषद में पार्षद बनने के लिए दाखिल हुए 433 नामांकनों में से 161 महिलाओं के हैं। 272 पुरुषों के हैं। 97 उम्मीदवारों के 2 से अधिक बच्चे, 8 बच्चों वाले दो प्रत्याशी भी मैदान में उतरे : निकाय चुनाव में दो संतान संबधी रियायत मिलने के बाद दो से अधिक संतान वाले 97 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए है। इसमें तीन संतान वाले 61, चार संतान वाले 22, पांच संतान वाले 7, छह संतान वाले 2, सात संतान वाले तीन और आठ संतान वाले दो प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। नगर परिषद चुनाव में पार्षद बनने के लिए भरे गए नामांकन पत्रों से प्रत्याशियों की सामाजिक व आर्थिक तस्वीर साफ हो रही है। 60 वार्डों के लिए भरे गए 433 नामांकनों के आंकड़ों की पड़ताल में कई चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। इसमें नामांकन भरने वालों में सबसे बड़ी संख्या हाउस वाइफ की है। इसके बाद व्यवसाय और स्वरोजगार करने वाले प्रत्याशी ज्यादा हैं। मजदूरी और खेती करने वाले किसानों के साथ छात्रों ने भी आवेदन किए हैं। नामांकन पत्रों में रोजगार के कॉलम में हाउस वाइफ दर्ज करने वाली 141 महिलाएं शामिल हैं। इसके साथ तीन प्रत्याशियों ने खुद को होम मेकर बताया है। इसके बाद कारोबार, व्यापार व स्वरोजगार करने वालों के 127 नामांकन दाखिल किए गए हैं। वहीं मजदूरी व श्रम से जुड़े 64 तथा कृषि-किसान वर्ग के 15 नामांकन दाखिल किए गए। जबकि निजी नौकरी करने वालों के 13 और छात्रों के 9 नामांकन हैं। वकालत करने वालों के 9, रिटायर्ड के 6, ड्राइविंग पेशे वालों के 4, डॉक्टर व चिकित्सा तथा शिक्षा व शिक्षक पेशे से जुड़े 3-3 नामांकन दाखिल हुए। नामांकन पत्रों में 428 में मोबाइल नंबर और 79 में ई-मेल आईडी दर्ज कराई गई है। युवा चेहरों की एंट्री : 27 साल या कम उम्र के 34 प्रत्याशी मैदान में नगर परिषद के चुनाव में नामांकन दाखिल करने वाले 359 प्रत्याशियों में 34 की उम्र 27 साल या उससे कम है। सबसे युवा प्रत्याशी वार्ड 56 में अभय गौड़ और वार्ड 57 में मंयक सैनी हैं। इन दोनों की आयु 21 वर्ष है। 27 वर्ष या उससे कम उम्र सबसे ज्यादा युवा चेहरे वार्ड 56 में 4, वार्ड 40 और 54 में 3-3 हैं। 1997 से 2012 के बीच जन्म लेने वाले 55 प्रत्याशी हैं। सबसे ज्यादा जेनजी चेहरे वार्ड 54 में 6, वार्ड 56 में 4, वार्ड 35, 37, 40 और 58 में 3-3 वार्ड 16, 20, 38, 47, 48, 57 और 59 में भी जेनजी चेहरे मौजूद हैं। करीब 21 जेनजी प्रत्याशी 28-29 वर्ष की उम्र वाले हैं। नगर परिषद के 60 वार्डों से भाग्य आजमा रहे 433 उम्मीदवारों में से 152 की आय एक लाख या उससे कम है। 71 प्रत्याशी इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल कर रहे हैं। 362 प्रत्याशी आयकर रिटर्न दाखिल नहीं करते हैं। 1 से 2 लाख तक आय वाले 93, 3 लाख तक आय वाले 41, 4 लाख तक आय वाले 22, 5 लाख तक आय वाले 24 और 5 लाख से ज्यादा आय वाले 101 प्रत्याशी हैं। पार्षद चुनाव में इस बार कम पढ़े-लिखे ज्यादा उम्मीदवार मैदान में आए हैं। चार अशिक्षित व 115 प्रत्याशी केवल साक्षर हैं। प्राथमिक शिक्षा लेने वाले छह, उच्च प्राथमिक वाले 19, दसवीं वाले 46, सीनियर सेकेंडरी के 34 प्रत्याशी है। तो स्नातक स्तर के 73, पोस्ट ग्रेजुएट 25 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए। प्रोफेशनल डिग्री बीटेक, एम टेक, एलएलबी, एमबीए, बी फार्मा, बीएड़ व डॉक्टर 37 प्रत्याशी है। इनमें एमबीबीएस, बीएचएमएस, बी फार्मा, डी फार्मा, बीटेक, एमटेक, आईटीआई आदि भी हैं।