भरतपुर। नगर निगम चुनाव को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से बुधवार को प्रेसवार्ता आयोजित की गई। कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दिनेश सूपा ने कहा कि भरतपुर मुख्यमंत्री का गृह जिला है, ऐसे में सरकार अपनी प्रतिष्ठा बचाने के लिए पद और शक्तियों का दुरुपयोग कर सकती है। जिलाध्यक्ष ने भाजपा द्वारा कांग्रेस प्रत्याशियों पर दबाव बनाने की आशंका भी जताई। सूपा ने कहा कि यदि कांग्रेस के किसी प्रत्याशी के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। प्रेस वार्ता में जिला संगठन महासचिव योगेश सिंघल, दीपेंद्र वुराबई, शहीद खान, बिनीतपाल, निरंजन जघीना, गजेंद्र पोसवाल, मेघसिंह सरपंच, मनोज शर्मा, सुभाष कुंतल, केके उपाध्याय, उपेंद्र चंदेला, नरेश लवानिया सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रेस वार्ता के बाद जिलाध्यक्ष दिनेश सूपा ने पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात कर अलग-अलग वार्डों के चुनावी हालात की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद वे पार्टी पदाधिकारियों के साथ पूर्व सांसद पंडित रामकिशन के निवास पहुंचे। यहां उन्होंने नगर निगम चुनाव को लेकर पूर्व सांसद से सलाह-मशविरा किया।