यूपी में सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में ढहाई गई मस्जिद के नीचे मिले कुएं की जांच के लिए ASI की टीम पहुंच गई है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के 3 अफसर सोमवार दोपहर 2 बजे कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। कुएं के अंदर उतरकर जांच की। फीता डालकर उसकी गहराई मापी। एएसआई अफसर ने कहा- कुआं 200 से 250 साल पुराना हो सकता है। मामले में सियासत भी तेज है। सहारनपुर जा रहे सपा विधायक अतुल प्रधान को पुलिस ने मेरठ में हाउस अरेस्ट कर लिया। प्रधान जैसे ही अपने घर में कार पर सवार हुए। पुलिस ने आगे जीप खड़ी कर दी। विधायक ने कहा- आपके पास लाठी है। आप चलाओ, लेकिन हम जाएंगे जरूर। सपा विधायक आशु मलिक, सपा नेता शायान मसूद को भी पुलिस ने रोक दिया। लखनऊ में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को गिरफ्तार कर लिया गया। विपक्षी डेलिगेशन के सहारनपुर पहुंचने को लेकर सपा सांसद इकरा हसन ने कहा- हम लोग रूट बदलकर किसी तरह से यहां पहुंचे हैं। जिन अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई हुई, वो मिलने से मना कर रहे हैं। सपा सांसद हरेंद्र मलिक कमिश्नर ऑफिस भी गए थे, लेकिन उन्हें वहां कोई अफसर नहीं मिला। शनिवार को 16 घंटे बुलडोजर चलाकर मस्जिद ढहाई गई थी। रविवार सुबह जब मलबा हटाया गया तो नीचे कुआं मिला। यह 20 फीट गहरा और डेढ़ मीटर चौड़ा है। पुलिस ने इसे लोहे की चादर से ढंक दिया है, ताकि मलबा अंदर न जाए। कुआं कितना पुराना है? इसका पता लगाने के लिए प्रशासन ने ASI को बुलाया है। मौके पर भारी फोर्स तैनात है। बैरिकेडिंग करके किसी को वहां जाने नहीं दिया जा रहा है। मस्जिद की शिकायत करने वाले विकास त्यागी ने दावा किया- यहां पहले मंदिर रहा होगा। उसे तोड़कर मस्जिद बनाई गई। जांच होनी चाहिए। मुस्लिम धर्मगुरुओं और मस्जिद पक्ष का दावा है कि मस्जिद करीब 100 साल पुरानी थी। 70 साल पुराने वक्फ के दस्तावेजों में इसका जिक्र है। पहले 3 तस्वीरें देखिए- मस्जिद पर बुलडोजर एक्शन के बाद के अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…