चौथ का बरवाड़ा| कस्बे में स्थित ग्राम पंचायत परिसर में शनिवार को विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता तालुका विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष एवं सिविल न्यायाधीश व न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा मौर्य ने की। इस अवसर पर शिविर में न्यायाधीश ने नालसा योजना के तहत मानसिक अस्वस्थता एवं बौद्धिक दिव्यांगता से ग्रसित लोगों को उपलब्ध निशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऐसे व्यक्तियों को निशुल्क पैनल अधिवक्ता उपलब्ध कराने के साथ उनके संपत्ति एवं अन्य कानूनी अधिकारों की रक्षा का प्रावधान है। इसी प्रकार दुष्कर्म, पॉक्सो, एसिड अटैक सहित गंभीर अपराधों की पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को मिलने वाले आर्थिक मुआवजे, अंतरिम राहत, निशुल्क कानूनी सहायता, गोपनीयता एवं परामर्श सुविधाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर पैरा लीगल वॉलंटियर्स आशाराम नागर, प्रशासक सीता देवी,कांग्रेस मंडल अध्यक्ष जमुनालाल मीणा,चौथ माता ट्रस्ट सदस्य बलवीर सिंह, मोर सिंह गुर्जर, चंदन मीणा,बसंतलाल सैनी, शंकरलाल सैनी सहित अन्य मौजूद रहे।