जयपुर के आमेर में चाकूबाजी में घायल टूरिस्ट गाइड की मंगलवार सुबह मौत हो गई। गाइड की मौत का पता चलते ही स्थानीय लोगों ने वारदात का विरोध करते हुए आमेर बाजार बंद कर दिया। गाइड मनीष कुमार सोनी (40) का सवाई मानसिंह हॉस्पिटल के आईसीयू में इलाज चल रहा था। टूरिस्ट्स को जीप से किले तक ले जाने की बात को लेकर मनीष की ड्राइवर से कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर ड्राइवर आजम ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया था। चाकूबाजी में घायल मनीष को एसएमएस हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। जहां आज उसने दम तोड़ दिया। कहासुनी होने पर चाकू से वार कर दिया एसीपी (आमेर) प्रो. आईपीएस प्रतीक सिंह ने बताया- चाकूबाजी में घायल मनीष कुमार सोनी (40) निवासी आमेर की मौत हो गई। वह टूरिस्ट गाइड का काम करता था। सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे वह आमेर मावठे पर आया था। इस दौरान प्राइवेट कार से आए टूरिस्ट्स ने आमेर महल जाने का रास्ता पूछा था। वहां जीप लेकर खड़े ड्राइवर आजम ने उन्हें महल तक कार नहीं जाने की कहकर जीप से चलने की कहा। टूरिस्ट गाइड मनीष के रास्ता समझाने पर टूरिस्ट अपनी कार से महल की ओर रवाना हो गए। इसी बात को लेकर ड्राइवर आजम और गाइड मनीष की आपस में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते गुस्साए जीप ड्राइवर आजम ने चाकू निकाल मनीष के पेट में घोंप दिया। गंभीर घायल होने पर लहूलुहान हालत में मनीष को तुरंत SMS हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया। पुलिस ने मौके से ही आरोपी जीप ड्राइवर आजम को पकड़ लिया था। SMS हॉस्पिटल के आईसीयू में इलाज के दौरान मंगलवार सुबह करीब 7 बजे मनीष की मौत हो गई। आमेर बाजार किया बंद चाकूबाजी की घटना को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया था। रास्ता रोककर करीब डेढ़ घंटे तक विरोध जताया गया था। मंगलवार सुबह घायल गाइड की मौत की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। विरोध जताने के लिए खुद की इच्छा से लोगों ने आमेर बाजार की दुकानों को बंद कर दिया। बड़ी संख्या में लोग विरोध कर सड़क पर उतर आए। आमेर थाना पुलिस सूचना पर मौके पर पहुंची। आस-पास के अतिरिक्त पुलिस जाब्ते को बुलाकर एहतियात के तौर पर तैनात किया गया। पुलिस आलाधिकारियों ने समझाइस कर लोगों को शांत करवाया। ------------------- ये खबर भी पढ़िए… जयपुर: आमेर किले में ड्राइवर ने गाइड के चाकू घोंपा:गाड़ी ऊपर ले जाने को लेकर हुआ विवाद; भीड़ ने थाने का घेराव किया जयपुर के आमेर में सोमवार को जीप ड्राइवर और गाइड में किले तक गाड़ी ले जाने को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद के बाद ड्राइवर ने अपने साथी के साथ गाइड पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गाइड के पेट में चाकू लगा। गाइड को गंभीर हालत में एसएमएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घटना मावठा पर सुबह 10 बजे हुई। (पढ़िए पूरी खबर)