जयपुर के बगरू विधानसभा क्षेत्र स्थित रामपुरा गांव के सरकारी स्कूल के जर्जर भवन के नवनिर्माण का काम शुरू हो गया है। भजनलाल सरकार की ओर से करीब 18 लाख रुपए की राशि स्वीकृत किए जाने के बाद बुधवार से पुरानी और जर्जर हो चुकी स्कूल बिल्डिंग को धराशाही करने के साथ निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी गई। कॉकरोच जनता पार्टी ने इसे अपनी बड़ी जीत बताया है। पार्टी का कहना है कि यह काम पहले भी कर सकती थी और इसके लिए बीते दिनों हुई हिंसा की कोई जरूरत नहीं थी। वहीं, लंबे समय से बदहाल भवन को लेकर ग्रामीणों और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब नए सिरे से स्कूल भवन बनने की प्रक्रिया शुरू होने पर ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की है। ग्रामीण लालचंद शर्मा ने सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि गांव के जर्जर हो चुके स्कूल भवन को हटाकर नए सिरे से निर्माण कराया जा रहा है, जो स्वागत योग्य कदम है। उन्होंने कहा कि बीते दिनों स्कूल के मुद्दे को लेकर जिस तरह का घटनाक्रम और अराजकता हुई, उसकी जरूरत नहीं थी। कुछ लोगों के कारण गांव का शांतिप्रिय माहौल बिगड़ा, जो गलत था। शर्मा ने कहा कि स्कूल ज्ञान का मंदिर है और इसके नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरा गांव सरकार के इस फैसले से खुश है और ग्रामीण स्कूल के निर्माण कार्य में हरसंभव सहयोग करेंगे। अब गांव के लोग बीते दिनों हुए घटनाक्रम को भूलकर आगे बढ़ना चाहते हैं। ग्रामीणों की उम्मीद है कि नए भवन के बनने के बाद बच्चों को बेहतर और सुरक्षित माहौल में शिक्षा मिल सकेगी। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की जॉइंट सेक्रेटरी रेखा शर्मा ने रामपुरा स्कूल के नवनिर्माण के फैसले को अपनी पार्टी की बड़ी जीत बताया। उन्होंने कहा कि भैंसों के तबेले में संचालित हो रहे रामपुरा स्कूल का अब नवनिर्माण होगा। शर्मा ने कहा कि सरकार यह काम पहले भी कर सकती थी और इसके लिए बीते दिनों हुई हिंसा की कोई जरूरत नहीं थी। रेखा शर्मा ने कहा कि रामपुरा स्कूल के निर्माण की शुरुआत केवल एक स्कूल की लड़ाई नहीं है। उनकी पार्टी तब तक अपनी आवाज उठाती रहेगी, जब तक राजस्थान के सभी सरकारी स्कूलों की स्थिति बेहतर नहीं हो जाती। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि रामपुरा स्कूल का नया भवन कब तक तैयार होता है और बच्चों को कब एक सुरक्षित और बेहतर स्कूल परिसर मिल पाता है। बतादें, 21 अगस्त को सीजेपी के कार्यकर्ता भवन की बदहाल स्थिति को लेकर सीजेपी ने विरोध किया था। सीजेपी के कार्यकर्ता गांव में निरीक्षण के लिए पहुंचे थे, जिनका ग्रामीणों ने विरोध किया था और विवाद की स्थिति बन गई थी। --- ये खबर भी पढ़ें… जयपुर- CJP प्रवक्ता को पीटा,मंत्री को 48 घंटे का अल्टीमेटम:अभिजीत दीपके बोले- मारपीट करने वाले गुंडों को गिरफ्तार नहीं किया, तो मैं जयपुर आऊंगा कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) प्रवक्ता आशुतोष रांका और उनके साथियों पर जयपुर में हमला हुआ है। रांका शुक्रवार सुबह 10 बजे सीतापुरा के राजकीय प्राथमिक स्कूल रामपुरा कंवरपुरा का निरीक्षण करने पहुंचे थे। तभी ग्रामीणों ने उन्हें पीटकर वहां से खदेड़ दिया। उनकी गाड़ियों पर भी पथराव किया गया। रांका के साथ मौजूद महिला समर्थकों पर गांव की महिलाओं ने मिट्टी फेंकी। (पूरी खबर पढ़ें)