जयपुर की बजाज नगर थाना पुलिस ने ज्वेलरी शॉप में चोरी करने वाले शातिर आरोपी बदमाश राजू उर्फ पूजा किन्नर (50) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी राजू उर्फ पूजा किन्नर मोहल्ला फुटबाल चौक, थाना सिटी, जिला जालंधर, पंजाब निवासी है। आरोपी दुकानदार को बातों में उलझाकर गहने चुरा ले गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए सोने के आभूषण बरामद कर लिए हैं। आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है। 19 अगस्त को ज्वेलरी शॉप में पहुंचा था आरोपी डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने बताया कि सिद्धार्थ नगर निवासी रामरज गोयल (60) ने 31 अगस्त को बजाज नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी की सरयू ज्वेलर्स नाम से बी-63, प्रगति पथ, बजाज नगर में ज्वेलरी की दुकान है। रिपोर्ट के अनुसार 19 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे एक किन्नर और उसके साथ एक महिला दुकान पर पहुंचे। किन्नर ने 11 जोड़ी पायल खरीदने और गिफ्ट करने के लिए दिखाने को कहा। दुकानदार ने उसे 11 जोड़ी पायल पसंद करवाईं। इसके बाद उसने 2 जोड़ी टॉप्स दिखाने को कहा और उन्हें भी पसंद कर लिया। इसके बाद उसने एक लेडीज अंगूठी भी पसंद की। जब दुकानदार ने भुगतान करने के लिए कहा तो किन्नर ने बताया कि उसके पास नकद पैसे नहीं हैं और वह घर से रुपये लेकर आती है। इसके बाद किन्नर दुकान से बाहर चला गया और साथ आई महिला दुकान पर बैठी रही। कुछ देर बाद जब दुकानदार ने सामान संभाला तो उसे पता चला कि एक जोड़ी सोने के टॉप्स और एक सोने की अंगूठी गायब है। दुकानदार ने साथ आई महिला से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह किन्नर को केवल दो दिन से जानती है। उसने यह भी कहा कि वह न तो उसका घर जानती है और न ही कभी उसके घर गई है। इसके बाद दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी और बजाज नगर थाने में में मामला दर्ज किया गया। CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस वारदात के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने ज्वेलरी शॉप और आसपास के इलाके के CCTV फुटेज खंगाले। इसके साथ ही आधुनिक तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र का इस्तेमाल किया गया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने वारदात करने वाले आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। किन्नर का वेश बनाकर ज्वेलरी दुकानों को बनाता था निशाना प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी किन्नर का वेश धारण कर ज्वेलरी की दुकानों पर पहुंचता था। वेश बदलने के कारण लोगों को उस पर आसानी से शक नहीं होता था। आरोपी दुकानदारों को बातचीत में उलझाकर कीमती आभूषणों और अन्य सामान पर नजर रखता था और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देता था। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने इसी तरीके से अन्य जगहों पर भी वारदातें की हो सकती हैं। इसलिए उससे अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। चोरी का माल बरामद बजाज नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से इस मामले में चोरी किए गए सोने के टॉप्स और सोने की अंगूठी समेत 100 प्रतिशत माल बरामद कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य संभावित मामलों और उसके संपर्कों की भी जांच कर रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि किन्नर का वेश धारण कर उसने और कितनी ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाया और उसके साथ इस तरह की वारदातों में कौन-कौन लोग शामिल हैं।