प्रदेश में निकाय चुनाव के टिकटों के बंटवारे को लेकर जयपुर में बीजेपी मुख्यालय में रविवार को भी मंथन होगा। आज जयपुर संभाग की टिकटों को लेकर रायशुमारी होगी। जयपुर संभाग के टिकटों को लेकर शनिवार को मंथन किया जाना था, लेकिन अन्य संभागों की रायशुमारी में देरी हुई। जयपुर के टिकटों पर राय लेने से पहले ही सिविल लाइंस और मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र में आने वाले नगर निगम वार्डों को लेकर विवाद सामने आ चुके हैं। इसके साथ ही अन्य 6 संभागों में जहां-जहां विवाद ज्यादा होने के चलते टिकटों पर एक राय नहीं बन सकी है, उन निकायों के टिकटों को लेकर भी आज फिर से रायशुमारी होगी। आज शाम 4:30 बजे सीएम भजनलाल शर्मा प्रदेश बीजेपी मुख्यालय से ही चुनाव प्रचार रथों को रवाना करेंगे। उधर, अलवर में कांग्रेस की सूची जारी होने से पहले ही कई वार्डों के दावेदारों को टिकट नहीं मिलने की आशंका है। इसलिए वे आज सुबह कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत के घर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि यदि किसी बाहरी को टिकट दिया तो उसका विरोध किया जाएगा।