जयपुर सेंट्रल जेल में बंदियों के पास मोबाइल फोन मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। जेल में पिछले दो दिनों से मोबाइल बरामद होने के मामले सामने आ रहे हैं। जयपुर की सेंट्रल जेल में एक बार फिर विचाराधीन बंदी के पास मोबाइल मिला है। इस मामले में जेल प्रहरी राजेश सिंह तंवर ने लालकोठी थाने में मामला दर्ज करवाया है। घटना मंगलवार शाम करीब 4:08 बजे की है। सेंट्रल जेल के वार्ड वार्ड नंबर-07 की बैरक नंबर-07 की में तलाशी ली गई। इस दौरान वहां बंद विचाराधीन बंदी दिनेश राठी उर्फ अनमोल उर्फ राहुल पुत्र देवेंद्र राठी के पास से गुलाबी रंग का मोबाइल फोन ए-27 बरामद किया गया। लालकोठी थाने के एसआई श्याम सुंदर ने बताया- मोबाइल फोन के साथ बैटरी और सिम भी बरामद हुई है। मोबाइल मिलने के बाद जेल प्रशासन ने इसकी सूचना संबंधित थाने को दी और कार्रवाई के लिए रिपोर्ट दर्ज करवाई। मामले में मुकदमा दर्ज कर मोबाइल फोन जेल के अंदर पहुंचने और इसके इस्तेमाल से जुड़ी परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। तीन कैदियों के पास भी मिला था मोबाइल इससे पहले सोमवार को जेल प्रशासन की जांच के दौरान विचाराधीन कैदी बंशीलाल, भीम सिंह और भगत सिंह के पास मोबाइल फोन मिले थे। बरामद किए गए मोबाइल में सिम और बैटरी लगी हुई थी। इससे जेल के अंदर मोबाइल के इस्तेमाल की आशंका सामने आई है। तीनों के खिलाफ भी मामला दर्ज मोबाइल फोन बरामद होने के बाद जेल प्रशासन की ओर से मामले की सूचना पुलिस को दी गई थी। लालकोठी थाने में बंशीलाल, भीम सिंह और भगत सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि जेल की कड़ी सुरक्षा के बावजूद मोबाइल फोन अंदर कैसे पहुंचे और इनका इस्तेमाल किन लोगों से संपर्क के लिए किया जा रहा था। साथ ही मोबाइल फोन और सिम की जांच के जरिए इनके इस्तेमाल और संभावित संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है। जयपुर सेंट्रल जेल में बंदियों के पास मोबाइल मिलने का यह मामला जेल की सुरक्षा व्यवस्था और मोबाइल की अंदर तक पहुंच को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। हाल के दिनों में भी जयपुर सेंट्रल जेल से मोबाइल बरामद होने की खबरें सामने आई हैं। --- ये खबर भी पढ़ें… जयपुर सेंट्रल जेल में 4 बंदियों के पास मिला मोबाइल:तलाशी अभियान के दौरान खुलासा, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की जयपुर सेंट्रल जेल में चलाए जा रहे तलाशी अभियान के तहत 4 विचाराधीन बंदियों के पास से मोबाइल बरामद किए गए हैं। मामले में लालकोठी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सब इंस्पेक्टर श्याम सुंदर ने बताया कि जेल प्रहरी अनिल कुमार ने जेल से मोबाइल मिलने पर मुकदमा दर्ज करवाया। (पूरी खबर पढ़ें)