जयपुर में निकाय चुनाव में प्रचार के दौरान डिप्टी सीएम दीया कुमारी विरोधियों पर जमकर बरसीं। उन्होंने कहा- हमारे कार्यकर्ताओं के सामने कोई टिकने वाला नहीं है। जो भी डरा रहे हैं, उनकी नहीं सुननी है। आए मेरे सामने । डिप्टी सीएम ने वार्ड 7 से पार्षद पूजा शर्मा से कहा- आप बिल्कुल नहीं डरें आपकी छवि अच्छी है, इसलिए पार्टी ने आपको टिकट दिया है। दीया कुमारी ने वार्ड नंबर 7 से बीजेपी प्रत्याशी पूजा शर्मा के समर्थन में शनिवार को विद्याधर नगर के 15 नंबर पुराने बस स्टैंड के पास आयोजित सभा में ये बातें कही। दरअसल, प्रचार के दौरान पूजा शर्मा के समर्थकों ने डिप्टी सीएम दीया कुमारी से बताया कि समुदाय विशेष और पार्टी विशेष से जुड़े कुछ लोग हमें डराने-धमकाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने विरोधियों को चेतावनी दी। दीया कुमारी ने कहा-सामने वालों का मैं नाम भी नहीं लूंगी डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने कहा- सामने वाले, ऐसे लोगों का मैं तो नाम भी नहीं लूंगी। न ही मैं उनकी पार्टी का नाम लूंगी। उनकी पार्टी ने देश के साथ गद्दारी की है। बंटवारे से लेकर अभी तक, मेरे सामने बात करके दिखाएं। पूजा आप निडर होकर चुनाव लड़ो आप पूरी बहादुरी से लड़ो शेरनी की तरह लड़ो। बयान के बाद गरमाया चुनावी माहौल दीया कुमारी की चेतावनी के बाद वार्ड नंबर 7 का चुनावी माहौल गरमा गया है। बता दें कि निकाय चुनाव में प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार में जुटे हैं। ऐसे में समर्थकों और कार्यकर्ताओं को लेकर सामने आ रही शिकायतों ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। हालांकि, जिन लोगों पर बीजेपी समर्थकों को डराने-धमकाने के आरोप लगाए गए हैं, उनकी ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।