जयपुर में डिलीवरी बॉय से लूट का मामला सामने आया है। कार से आए नकाबपोश बदमाशों ने मारपीट कर डिलीवरी बॉय से कैश-मोबाइल छीन लिया। शिवदासपुरा थाना पुलिस ने सूचना पर नाकाबंदी करवाई, लेकिन कार सवार लुटेरों का सुराग नहीं लगा। पुलिस वारदातस्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेजों को खंगालने के साथ बदमाशों की तलाश कर रही है। बाइक से लौटते समय लूटपाट ASI मानसिंह ने बताया- करौली के कुड़गांव निवासी संतराम मीना (25) से लूट की वारदात हुई। वह स्वीगी कंपनी में डिलीवरी पार्टनर का काम करता है। मंगलवार रात करीब 11 बजे वह स्विगी का ऑर्डर डिलीवर करके बाइक से वापस लौट रहा था। इसी दौरान जगतपुरा में महल रोड पर एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार ने उसकी बाइक के आगे आकर रास्ता रोक लिया। 2700 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए बाइक रोकते ही कार में सवार नकाबपोश पांच बदमाश लड़के नीचे उतरे। गाली-गलौच कर उसको पकड़ मारपीट करने लगे। बदमाशों ने जमकर मारपीट कर उसकी जेब में रखे करीब 20 हजार रुपए कैश निकाल लिए। उसका मोबाइल छीनकर जबरन मारपीट कर दो बार में 2700 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। लूटपाट कर बदमाश उसे गिराकर कार में बैठकर फरार हो गए। घायल होने पर युवक ने कराया इलाज बदमाशों की मारपीट से चोटिल होने पर पीड़ित ने प्राइवेट हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार करवाया। शिवदासपुरा थाने में पीड़ित की ओर से कार सवार लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।