जयपुर के परकोटे में आज जन्माष्टमी उत्सव की शोभायात्रा निकलेगी। गोविंददेवजी मंदिर के प्रांगण से शाम 4:30 बजे शोभायात्रा रवाना होगी। शोभायात्रा का पूरे रास्ते में श्रद्धालुओं और विभिन्न संगठनों की ओर से स्वागत किया जाएगा। शोभायात्रा को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है और कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। शुक्रवार रात गोविंददेवजी मंदिर में जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। शनिवार को मंदिर में नंदोत्सव मनाया गया। नंदोत्सव की मंगला झांकी शुक्रवार रात 11 से 11:15 बजे तक ही हो गई थी। शनिवार को धूप झांकी सुबह 7:30 से 8:45 बजे, शृंगार 9:15 से 10:15 बजे और राजभोग 10:45 से 11:30 बजे तक हुआ। शाम को ग्वाल झांकी 6 से 6:30 बजे, संध्या 7 से 8:15 बजे और शयन झांकी 8:30 से 9 बजे तक होगी। गोविंददेवजी से गोपीनाथजी तक जाएगी शोभायात्रा शोभायात्रा गोविंददेवजी मंदिर से रवाना होकर जलेबी चौक, हवामहल बाजार, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, बापू बाजार, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, चांदपोल बाजार और बगरू वालों के रास्ते होते हुए मंदिर श्री गोपीनाथजी पहुंचेगी। शोभायात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्वागत द्वार लगाए गए है। भक्तों की ओर से शोभायात्रा का स्वागत किया जाएगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के इसमें शामिल होने की संभावना है। शोभायात्रा के दौरान ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा शोभायात्रा के दौरान परकोटे के कई प्रमुख बाजारों में यातायात व्यवस्था बदली जाएगी। शोभायात्रा के आगे बढ़ने के साथ संबंधित मार्गों पर वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से शोभायात्रा वाले मार्गों पर जाने से बचने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है। परकोटे में इन वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा परकोटा, गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहा से मिनर्वा तक एमआई रोड, अशोक मार्ग से यादगार तक और रामनिवास बाग के अंदर हल्के मालवाहक वाहन, ई-रिक्शा, ई-ऑटो और ऑटो रिक्शा नहीं चलेंगे। परकोटा में जेसीटीएसएल और सिटी बसें भी प्रतिबंधित रहेंगी। एमआई रोड की बसें ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर डायवर्ट होंगी। एंबुलेंस सहित अतिआवश्यक सेवाएं निर्बाध रहेंगी। यादव समाज ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर निकाली भव्य शोभायात्रा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर यादव युवक मंडल जयपुर राजस्थान की ओर से श्रीकृष्ण शोभायात्रा निकाली गई। कनक बिहारी मंदिर के महंत सियाराम दास जी महाराज, महामंडलेश्वर शंकर बाबा (कानोता वाले) और निवर्तमान महापौर कुसुम यादव ने मुख्य रथ की विधिवत आरती उतारकर शोभायात्रा को रवाना किया।