जयपुर के गोविंददेव जी मंदिर में जन्माष्टमी के बाद नंदोत्सव मनाया गया। परकोटे में जन्माष्टमी उत्सव की शोभायात्रा निकाली गई। बारिश के कारण शोभायात्रा करीब डेढ़ घंटे देरी से शाम 6 बजे शुरू हुई। गौरांग महाप्रभु की हरिनाम संकीर्तन मंडली के साथ श्रद्धालु ‘हरे कृष्ण, हरे कृष्ण’ के जयघोष लगाते हुए आगे बढ़े। शोभायात्रा का पूरे रास्ते में श्रद्धालुओं और अलग-अलग संगठनों की ओर से स्वागत किया गया। शोभायात्रा को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया है। आज धूप झांकी सुबह 7:30 से 8:45 बजे, शृंगार 9:15 से 10:15 बजे और राजभोग 10:45 से 11:30 बजे तक हुआ। देखिए- शोभायात्रा की PHOTOS गोविंददेवजी से गोपीनाथजी तक जाएगी शोभायात्रा शोभायात्रा गोविंददेवजी मंदिर से रवाना होकर जलेबी चौक, हवामहल बाजार, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, बापू बाजार, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, चांदपोल बाजार और बगरू वालों के रास्ते होते हुए मंदिर श्री गोपीनाथजी पहुंची। शोभायात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्वागत द्वार लगाए गए थे। भक्तों की ओर से शोभायात्रा का स्वागत किया गया। शोभायात्रा के दौरान ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा शोभायात्रा के दौरान परकोटे के कई प्रमुख बाजारों में यातायात व्यवस्था बदली जाएगी। शोभायात्रा के आगे बढ़ने के साथ संबंधित मार्गों पर वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से शोभायात्रा वाले मार्गों पर जाने से बचने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है। परकोटे में इन वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा परकोटा, गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहा से मिनर्वा तक एमआई रोड, अशोक मार्ग से यादगार तक और रामनिवास बाग के अंदर हल्के मालवाहक वाहन, ई-रिक्शा, ई-ऑटो और ऑटो रिक्शा नहीं चलेंगे। परकोटा में जेसीटीएसएल और सिटी बसें भी प्रतिबंधित रहेंगी। एमआई रोड की बसें ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर डायवर्ट होंगी। एंबुलेंस सहित अतिआवश्यक सेवाएं निर्बाध रहेंगी। यादव समाज ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर निकाली शोभायात्रा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर यादव युवक मंडल जयपुर राजस्थान की ओर से श्रीकृष्ण शोभायात्रा निकाली गई। कनक बिहारी मंदिर के महंत सियाराम दास जी महाराज, महामंडलेश्वर शंकर बाबा (कानोता वाले) और निवर्तमान महापौर कुसुम यादव ने मुख्य रथ की विधिवत आरती उतारकर शोभायात्रा को रवाना किया।