जयपुर में पुलिस खुद क्राइम कर बैठी। एक घर के बाहर खड़ी बाइक को चोरी की समझ पिकअप में डालकर उठा ले गई। बाइक को झाड़ियों में छिपा दिया। बाद में पकड़े गए चोरों की निशानदेही पर बरामद करना बता दिया। यह चौंकाने वाला मामला महेश नगर थाने का 2 सितंबर का है। मानसरोवर क्षेत्र से एक घर के बाहर खड़ी बाइक पुलिसकर्मियों ने चोरी की समझकर उठा ली। पुलिस का कहना है- चोरों ने पूछताछ में बताया था कि चोरी की बाइक वहां खड़ी है। इसलिए हम चोरी की समझकर बाइक उठा लाए। पहले देखें PHOTOS: कैसे 2 मिनट में बाइक उठा ले गई पुलिस पीड़ित ने कहा- CCTV फुटेज में दिखे पुलिसकर्मी पुलिस वर्दी में उठा ले गए बाइक मानसरोवर के गुर्जर की थड़ी शांति नगर-ए निवासी गाड़ी मालिक राजेंद्र शर्मा ने बताया- मेरे चाचा ससुर की ईएचसीसी हॉस्पिटल में बाइपास सर्जरी हुई है। 2 सितंबर की शाम को मैं अपने घर के बाहर बाइक खड़ी कर हॉस्पिटल चला गया। अगले दिन सुबह लौटा तो बाइक गायब मिली। चोरी का अंदेशा होने पर मैंने घर के बाहर लगे CCTV फुटेजों को खंगाला। राजेंद्र शर्मा ने कहा- CCTV फुटेज चेक करने पर रात करीब 10:30 बजे बाइक पर दो जने आकर रुकते दिखे। वे अपने साथ सफेद कलर की लोडिंग पिकअप भी लेकर आए थे। बाइक पर आया एक युवक वर्दी पहना हुआ था। कुछ देर में पुलिसकर्मी घर के बाहर खड़ी बाइक को पिकअप में लोड कर उठा ले गए। पुलिस कंट्रोल रूम को दर्ज करवाई शिकायत पीड़ित राजेंद्र शर्मा ने मानसरोवर थाने जाकर बताया कि पुलिस वाले मेरी बाइक उठा ले गए। बीट अधिकारी सुरेश ने CCTV फुटेज देखेने पर भी मामले में पुलिस का हाथ होने से मना कर दिया। पीड़ित ने अगले दिन 3 सितंबर को सुबह करीब 9 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में मामले में शिकायत दर्ज करवाई। महेश नगर थाने में खड़ी मिली बाइक राजेंद्र शर्मा ने बताया- दोपहर करीब 12 बजे मानसरोवर पुलिस ने मुझे फोन कर महेश नगर थाने बुलाया। थाने पहुंचा तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने कहा- रात को चोर पकड़े थे। उनके कहने पर हमने गलतफहमी में बाइक उठा ली। उन चोरों की निशानदेही पर बाइक बरामद करना बताकर FIR में चढ़ा दी। आप खुद की बाइक चोरी की शिकायत दे दो। चोरों से बरामद होना दिखाकर कोर्ट से रिलीज करवाकर हम बाइक लौटा देंगे। राजेंद्र शर्मा ने मना कर दिया। इस पर पुलिसकर्मियों ने खुद ही कोर्ट से बाइक छुड़ा लेने की बात कहकर उनको थाने से भेज दिया। एक किलोमीटर दूर से बरामदगी दिखाई पीड़ित का आरोप है कि घर के बाहर से बाइक उठाने के दौरान आसपास के लोगों से इस संबंध में पूछा तक नहीं गया। पुलिस ने दर्ज FIR में घर के बाहर से उठाई बाइक को एक किलोमीटर दूर सुल्तान नगर रोड पर पट्टियों की ओट में झाड़ियों से बरामद करना बताया, जबकि CCTV फुटेज में दिख रहा है कि 2 सितंबर की रात पुलिस ही घर के बाहर से बाइक उठाकर ले जा रही है। पुलिस बोली- गश्ती दल ने दो युवकों को पकड़ा, झाड़ियों में मिलीं बाइकें महेश नगर थाना पुलिस की ओर से दर्ज FIR में चोर पकड़ने से पहले ही चोरों की निशानदेही पर चोरी की बाइक बरामद कर ली गई। FIR में बताया- 2 सितंबर की रात करीब 2:45 बजे कॉन्स्टेबल श्रवणराम टीम के साथ गश्त पर रवाना हुए। तड़के 3:55 बजे सुल्तान नगर रोड पर दो लड़के बाइक को पैदल-पैदल लेकर जाते दिखे। पुलिस को वर्दी में देखकर बाइक खड़ी कर पीछे की तरफ मुड़कर जाने लगे। संदिग्ध मानकर दोनों को पकड़कर पूछताछ की गई। बाइक चोरी की होना बताने पर आरोपी पवन बर्मन और आलोक उमरवाल को पकड़ा गया। जांच करने पर बाइक करणी विहार इलाके से 11 नवंबर 2022 को चोरी होने का पता चला। दोनों आरोपियों से पूछताछ करने पर चोरी की बाइक टीटू नाम के दोस्त से खरीदना बताया। पुलिस की ओर से कार्रवाई कर दोनों को अरेस्ट कर बाइक जब्त कर ली गई। सख्ती से पूछताछ में दोनों आरोपियों की निशानदेही पर सुल्तान नगर रोड में पट्टियों और झाड़ियों के बीच छिपा रखी 4 बाइक बरामद की गई। SHO (महेश नगर) हवा सिंह ने बताया- पकड़े गए चोर की निशानदेही पर ही बाइक बरामद की गई है। आरोपियों ने पूछताछ नोट में भी चोरी की बाइक को बरामद करवाना बताया है। दो बदमाशों को किया गिरफ्तार DCP (साउथ) राजर्षिराज वर्मा ने बताया- महेश नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई कर वाहन चोरी में दो बदमाशों को अरेस्ट किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार बाइक भी बरामद की गई है। बदमाशों की निशानदेही पर एक बाइक घर के बाहर से उठाई गई। तस्दीक में उसके चोरी की नहीं होना सामने आया है, जिसे दूसरी जगह से बरामद दिखाने को लेकर जांच की जा रही है।