संकट की हर घड़ी में आमजन के भरोसे का प्रतीक बनी खाकी वर्दी के साहस, सेवा और समर्पण को सम्मानित करने के लिए दैनिक भास्कर पुलिस प्राइड अवॉर्ड्स-2026 का आयोजन बुधवार शाम 6 बजे कॉन्स्टिट्यूशन क्लब, लालकोठी में किया गया। समारोह में कानून-व्यवस्था, बेस्ट अनुसंधान और ट्रैफिक मैनेजमेंट में उल्लेखनीय काम करने वाले राजस्थान के 43 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। एडीजी बीके सिंह और आईजी राहुल प्रकाश ने पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। इस दौरान एडीजी बीके सिंह ने पुलिसकर्मियों के काम और चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा- सीमित संसाधनों के बावजूद पुलिसकर्मी गाड़ी चलाकर देश के कोने कोने तक जाते हैं। आरोपियों को पकड़कर लाते हैं। यह आसान काम नहीं है। कार्यक्रम से पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। शपथ के मुताबिक पूरी कर्तव्यनिष्ठा से काम करना है बीके सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मियों को जो शपथ दिलाई गई है, उसके तहत अपने दायित्वों का पालन करना है। बिना किसी प्रलोभन में आए पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करना चाहिए। पुलिस की जिम्मेदारी है कि वह चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटे। वरिष्ठ एडवोकेट के घर चोरी का केस, हजारों CCTV फुटेज खंगाले एडीजी बीके सिंह ने कहा कि जयपुर के एक वरिष्ठ एडवोकेट के घर चोरी की वारदात हुई थी। इस केस का खुलासा करने के लिए पुलिस पर काफी प्रेशर था। इसके बावजूद अशोक नगर और ज्योति नगर थाने में तैनात कांस्टेबलों की टीम ने हजारों CCTV फुटेज खंगाले और आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। कानून-व्यवस्था, अनुसंधान और ट्रैफिक मैनेजमेंट में किया बेहतर काम पुलिस प्राइड अवॉर्ड्स में कानून-व्यवस्था संभालने, बेहतर अनुसंधान करने और ट्रैफिक मैनेजमेंट में उत्कृष्ट काम करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मान दिया गया। इन पुलिसकर्मियों ने ड्यूटी से आगे बढ़कर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम में एडीजी बिपिन पांडेय, एडीजी बीके सिंह, आईजी राहुल प्रकाश और एडिशनल कमिश्नर राजीव पचार सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सम्मान समारोह में पुलिसकर्मियों के साहस, सेवा और समर्पण को सराहा गया। इस आयोजन का फिनोवा कैपिटल प्रेजेंटिंग पार्टनर रहा। पावर्ड बाय टर्बन, जेएमजे और मेंशन रॉयल। जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी, टिटुप्रिंट और केआरजी रियल्टी एसोसिएट स्पॉन्सर के रूप में जुड़े। कार्यक्रम को भगवती ग्रुप, कैडमैक्स ग्रुप, फोर्टी, ग्रीन सिटी, एलएएमए, हिमानी सेल्स, जयपुर केलगरी आई हॉस्पिटल, प्रताप यूनिवर्सिटी, मेहराब जयपुर, रिम्स राज फाउंडेशन, सरस जयपुर डेयरी, एसकेआईटी, यूडीएआइ और स्थापत्य सहित संस्थानों का भी सहयोग मिला।