जयपुर में सालाना सितंबर जयपुर पोलो सीजन 2026 का मंगलवार को शानदार आगाज हुआ। राजस्थान पोलो क्लब ग्राउंड पर आरपीसी कप टूर्नामेंट (04 गोल्स) के पहले मुकाबले के साथ सीजन की शुरुआत हुई। पहले मैच में टीम जयपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम रामबाग/मेफेयर पोलो को एकतरफा मुकाबले में 7-3 से शिकस्त दी। मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण सवाई पद्मनाभ सिंह रहे, जिन्होंने टीम जयपुर की जीत में अहम भूमिका निभाते हुए अकेले सातों गोल किए। पूरे मुकाबले में उनका दबदबा देखने को मिला और उन्होंने लगातार गोल कर टीम को मजबूत बढ़त दिलाई। पद्मनाभ सिंह का शानदार प्रदर्शन टीम जयपुर की ओर से महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह के साथ विश्वराज सिंह राठौड़, अक्षय मलिक और कुलदीप सिंह राठौड़ मैदान पर उतरे। टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी। पद्मनाभ सिंह ने बेहतरीन राइडिंग और सटीक शॉट्स के जरिए एक के बाद एक गोल दागे। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत टीम जयपुर ने सात गोल का स्कोर खड़ा किया। खास बात यह रही कि टीम के सभी सात गोल पद्मनाभ सिंह के खाते में गए। मैच के फोटोज यहां देखिए…. दूसरी ओर टीम रामबाग/मेफेयर पोलो की ओर से हुर्र अली ने दो गोल किए, जबकि लोकेंद्र सिंह धीरावत ने एक गोल दागा। टीम में आरके सिद्धांत सिंह और प्रताप सिंह कानोता भी शामिल रहे। हालांकि, टीम ने मुकाबले में वापसी की कोशिश की, लेकिन टीम जयपुर की मजबूत रणनीति और पद्मनाभ सिंह के लगातार गोलों के सामने वह टिक नहीं सकी। पहले मुकाबले से ही रोमांच सितंबर जयपुर पोलो सीजन शहर के प्रमुख वार्षिक खेल आयोजनों में शामिल है। सीजन के पहले ही मुकाबले में खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। राजस्थान पोलो क्लब ग्राउंड पर मौजूद दर्शकों ने भी मुकाबले का आनंद लिया और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। चार गोल हैंडीकैप श्रेणी के आरपीसी कप टूर्नामेंट के जरिए शुरू हुए सीजन में आने वाले मुकाबलों को लेकर भी पोलो प्रेमियों में उत्साह है। पहले मैच में टीम जयपुर की बड़ी जीत ने टूर्नामेंट की शुरुआत को खास बना दिया। बुधवार को आरपीसी और गोहिलवाड़ आमने-सामने आरपीसी कप टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला बुधवार, 2 सितंबर को खेला जाएगा। राजस्थान पोलो क्लब ग्राउंड पर होने वाले इस मुकाबले में टीम आरपीसी का सामना टीम गोहिलवाड़ से होगा। मुकाबला शाम 5 बजे से शुरू होगा। पहले मैच में टीम जयपुर की जीत के बाद अब दर्शकों की नजरें अगले मुकाबले पर टिकी हैं। सितंबर पोलो सीजन के आगामी मैचों में भी देश-विदेश के पोलो खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलने की उम्मीद है।