त्योहारों और आगामी नगर निगम चुनावों को देखते हुए जयपुर यातायात पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। पुलिस आयुक्त जयपुर सचिन मित्तल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त यातायात एवं प्रशासन प्रदीप मोहन शर्मा और पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल के निर्देशन में यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां की गई हैं। सीकर रोड पर दो दिन भारी वाहनों का डायवर्जन राखी का त्योहार मनाकर लौट रहे आमजन और वाहन चालकों की सुरक्षा तथा आगामी नगर निगम चुनाव को ध्यान में रखते हुए सीकर रोड स्थित रोड नंबर-14 चौराहे पर विशेष यातायात व्यवस्था रहेगी। 30 अगस्त को दोपहर 1 बजे से रात 9 बजे तक और 31 अगस्त को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक सीकर रोड पर भारी वाहनों के लिए डायवर्जन लागू रहेगा। मंदिरों के आसपास रूट डायवर्जन और पार्किंग आगामी जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी को देखते हुए गोविंद देवजी, मोती डूंगरी, इस्कॉन और अक्षरधाम सहित प्रमुख मंदिरों के आसपास भीड़ नियंत्रण के लिए रूट डायवर्जन और अस्थायी पार्किंग जोन बनाए जाएंगे। चुनाव नामांकन के दौरान भी रहेगी विशेष व्यवस्था नगर निगम चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दौरान भी यातायात पुलिस आवश्यकतानुसार डायवर्जन करेगी। यातायात पुलिस ने नामांकन के लिए आने वाले लोगों से कम से कम वाहनों का इस्तेमाल करने और कलेक्ट्रेट के आसपास निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है। जाम की सूचना पर तुरंत पहुंचेगी क्रेन और टीम यातायात पुलिस ने ट्रैफिक जाम की स्थिति से निपटने के लिए क्रेन और अतिरिक्त टीमों को तत्काल मौके पर भेजने की व्यवस्था की है। प्रमुख आयोजन स्थलों के साथ-साथ चौराहों और बाजारों में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात रहेगा। यातायात पुलिस की अपील त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के शहर में आवागमन को देखते हुए वाहन चालक निर्धारित डायवर्जन मार्गों का इस्तेमाल करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।