जयपुर की सिल्वर इंडस्ट्री को बढ़ावा देने और कारोबार के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। जयपुर सिल्वर एसोसिएशन की ओर से बिरला ऑडिटोरियम में 22 से 24 नवंबर तक JSA सिल्वर शो का उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। जयपुर सिल्वर एसोसिएशन के चेयरमैन उज्जवल डेरेवाला और सचिव राहुल गंगवाल ने कोटा में स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात कर उन्हें शो के उद्घाटन समारोह का निमंत्रण दिया। बिरला उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। इस दौरान आगामी JSA सिल्वर शो और जयपुर में सिल्वर इंडस्ट्री के लिए अलग जोन विकसित करने को लेकर चर्चा हुई। ओम बिरला ने कहा कि जयपुर में सिल्वर इंडस्ट्री के लिए अलग जोन बनाने की जरूरत है। वहीं, JSA सिल्वर शो में देश-विदेश के मैन्युफैक्चरर्स और होलसेलर्स एक मंच पर जुटेंगे। मुलाकात के दौरान बिरला ने जयपुर सिल्वर एसोसिएशन की ओर से देशभर के प्रमुख ज्वेलरी मैन्युफैक्चरर्स और होलसेलर्स को एक मंच पर लाने की पहल की सराहना की। चेयरमैन-सचिव ने कहा कि राजस्थान और खास तौर पर जयपुर की चांदी के कारोबार में वैश्विक पहचान है। देशभर से लोग यहां सिल्वर ज्वेलरी खरीदने आते हैं। ऐसे में जयपुर के सिल्वर उद्योग को और बढ़ावा देने की जरूरत है। जयपुर में सिल्वर इंडस्ट्री के लिए अलग जोन बनाने की जरूरत ओम बिरला ने कहा कि जयपुर में सिल्वर इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए अलग से सिल्वर जोन बनाए जाने चाहिए। इससे सिल्वर कारोबार से जुड़े मैन्युफैक्चरर्स, होलसेलर्स और कारीगरों को एक जगह बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही जयपुर की सिल्वर इंडस्ट्री को देश-दुनिया में अपनी पहचान और मजबूत करने का अवसर मिलेगा। देश-विदेश के मैन्युफैक्चरर्स और होलसेलर्स होंगे शामिल जयपुर सिल्वर एसोसिएशन के चेयरमैन उज्जवल डेरेवाला ने बताया कि JSA सिल्वर शो में देश-विदेश के प्रमुख ज्वेलरी मैन्युफैक्चरर्स और होलसेलर्स हिस्सा लेंगे। शो में ज्वेलरी के नए कलेक्शन, लेटेस्ट डिजाइन और सिल्वर की पारंपरिक कारीगरी प्रदर्शित की जाएगी। कारोबारियों को सिल्वर ज्वेलरी के नए डिजाइन और बदलते ट्रेंड देखने का मौका मिलेगा। सिल्वर ज्वेलरी कारोबार को ग्लोबल प्लेटफॉर्म देने की तैयारी डेरेवाला ने कहा कि JSA सिल्वर शो के जरिए सिल्वर ज्वेलरी कारोबार को ग्लोबल प्लेटफॉर्म देने का प्रयास किया जा रहा है। देशभर के मैन्युफैक्चरर्स और होलसेलर्स के एक मंच पर आने से बिजनेस नेटवर्किंग और नए कारोबारी अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। 200 से ज्यादा एग्जीबिटर्स, 10 हजार से ज्यादा विजिटर्स एसोसिएशन के सचिव राहुल गंगवाल ने बताया कि 22 से 24 नवंबर तक होने वाले JSA सिल्वर शो में 200 से ज्यादा एग्जीबिटर्स शामिल होंगे। शो में 10 हजार से ज्यादा विजिटर्स के पहुंचने की उम्मीद है। तीन दिन तक चलने वाले एक्सपो में सिल्वर ज्वेलरी के नए कलेक्शन, डिजाइन और इंडस्ट्री से जुड़े प्रोडक्ट्स प्रदर्शित किए जाएंगे। कोटा के ज्वेलरी संगठनों के पदाधिकारी भी रहे मौजूद ओम बिरला से मुलाकात के दौरान कोटा सर्राफा एसोसिएशन के आनंद राठी समेत अलग-अलग ज्वेलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान राजस्थान की सिल्वर इंडस्ट्री को बढ़ावा देने और जयपुर को सिल्वर कारोबार के प्रमुख केंद्र के तौर पर विकसित करने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।