जैसलमेर के मोहनगढ़ नहरी क्षेत्र में पीटीएम थाना अंतर्गत चक 2 डीडी में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। हादसे में खेत में बनी तीन झोपड़ियां जलकर पूरी तरह राख हो गईं, जिससे पीड़ित किसान का पूरा परिवार बेघर हो गया है। आग में जली दो बेटियों की शादी की खुशियां पीड़ित किसान हीराराम पुत्र धन्नाराम ने एक खेत किराए पर ले रखा था और परिवार के साथ वहीं झोपड़ियों में रह रहा था। हीराराम के अनुसार झोपड़ियों में उसकी दो बेटियों की शादी के लिए जुटाया गया दहेज, सोने-चांदी के गहने, नकदी, मोबाइल, गेहूं, सरसों और सारा घरेलू सामान रखा था। हवा तेज होने के कारण आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला और सब कुछ जल गया। पड़ोसियों ने डिग्गी की मोटर से बुझाई आग शनिवार शाम करीब 4 बजे अचानक उठी लपटों को देखकर आसपास के खेतों से किसान मदद के लिए दौड़े। पड़ोसियों ने पास स्थित पानी की डिग्गी से मोटर चलाकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी गृहस्थी जल चुकी थी। प्रशासन नुकसान के आकलन में जुटा सूचना मिलने पर पीटीएम थाने से हेड कॉन्स्टेबल कोजराज सिंह और कॉन्स्टेबल शेर मोहम्मद ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है और राजस्व विभाग के साथ मिलकर नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पीड़ित किसान ने सरकार और प्रशासन से शीघ्र आर्थिक सहायता और मुआवजे की गुहार लगाई है।