जैसलमेर शहर के 45 वार्डों में निकाय चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया जारी है। 31 अगस्त नामांकन की अंतिम तारीख है। रक्षाबंधन के अवकाश के बाद शनिवार को कलेक्ट्रेट में नामांकन दाखिल करने के लिए बड़ी संख्या में प्रत्याशियों और समर्थकों के पहुंचने की संभावना है। इस बीच माहेश्वरी समाज बाहुल्य वार्ड 32 में कांग्रेस और भाजपा दोनों के टिकट को लेकर खींचतान सामने आई है। वार्ड 32 का गणित उलझा दोनों ही पार्टियां यहां टिकट को लेकर असमंजस में हैं। कांग्रेस में नए प्रत्याशी को चेहरा बनाने की चर्चा तेज है। इसे लेकर कांग्रेस के कई स्थानीय नेता और समर्थक नाराज बताए जा रहे हैं। मामला अब जयपुर प्रदेश मुख्यालय तक पहुंच गया है। वहीं भाजपा में भी 2 दिग्गज आमने-सामने हैं। वार्ड 32 माहेश्वरी समाज बाहुल्य क्षेत्र है। यहां ब्राह्मण चेहरे को उतारने की चर्चा से नाराजगी सामने आई है। टिकट नहीं मिला तो निर्दलीय नामांकन की तैयारी वार्ड 32 में कांग्रेस और भाजपा के कई दावेदार टिकट की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। टिकट नहीं मिलने की स्थिति में कुछ दावेदार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर सकते हैं। गुरुवार को 220 आवेदन पत्र लिए गए थे, लेकिन एक भी नामांकन जमा नहीं हुआ। शुक्रवार को रक्षाबंधन के कारण अवकाश रहा। शनिवार को कलेक्ट्रेट में दलीय और निर्दलीय प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया में तेजी आने की संभावना है। सोमवार 31 अगस्त नामांकन की अंतिम तारीख है। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के साथ चुनावी तस्वीर स्पष्ट होगी।