जैसलमेर-बाड़मेर रोड पर आरसीपी गेट के पास गुरुवार शाम तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे जालम सिंह की मौत हो गई। उनके पीछे बैठे ट्रैफिक कॉन्स्टेबल दीनाराम गर्ग गंभीर घायल हो गए। दोनों को राहगीरों की मदद से राजकीय जवाहिर हॉस्पिटल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जालम सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं दीनाराम की हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जोधपुर भेजा गया। लिफ्ट लेकर बाइक पर बैठे थे कॉन्स्टेबल जानकारी के अनुसार जालम सिंह अपनी मोटरसाइकिल से यूनियन चौराहे की तरफ से शहर आ रहे थे। रास्ते में ट्रैफिक कॉन्स्टेबल दीनाराम गर्ग ने उनसे लिफ्ट ली और बाइक के पीछे बैठ गए। दोनों आरसीपी गेट के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि जालम सिंह और दीनाराम दोनों बाइक से दूर जा गिरे। राहगीरों ने हॉस्पिटल पहुंचाया हादसे के बाद आसपास के लोग और राहगीर मौके पर जमा हो गए। लोगों ने दोनों को संभाला और गाड़ी की व्यवस्था कर उन्हें राजकीय जवाहिर हॉस्पिटल पहुंचाया। हॉस्पिटल पहुंचने पर डॉक्टरों की टीम ने जालम सिंह की जांच की। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं दीनाराम के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई थीं। उनकी हालत लगातार बिगड़ रही थी। ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जोधपुर भेजा दीनाराम की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जोधपुर रेफर करने की सलाह दी। पुलिस प्रशासन ने बिना समय गंवाए जोधपुर जाने वाली एंबुलेंस के लिए रास्ते में ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था की। इससे एंबुलेंस को रास्ते में बिना रुकावट आगे बढ़ाया गया, ताकि दीनाराम को समय पर जोधपुर के हॉस्पिटल पहुंचाया जा सके। एसपी हॉस्पिटल पहुंचे, ड्राइवर हिरासत में हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे और अन्य पुलिस अधिकारी हॉस्पिटल पहुंचे। कोतवाली थानाधिकारी प्रेमाराम विश्नोई ने बताया कि शुरुआती जांच में कैंपर ड्राइवर की तेज गति और लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने बोलेरो कैंपर को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लिया गया है। जालम सिंह के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है।