जैसलमेर में बदमाशों ने शराब ठेके में घुसकर सेल्समैन को जमकर पीटा। सेल्समैन को सड़क पर घसीटा और दुकान से शराब व बीयर की बोतलें लूटकर फरार हो गए। घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है। घटना सोमवार रात मोहनगढ़ थाना क्षेत्र के एक शराब के ठेके की है। हमले में गंभीर घायल सेल्समैन भरत (18) निवासी मोहनगढ़ के हॉस्पिटल में भर्ती है। मोहनगढ़ थाना पुलिस के एएसआई तनेराव सिंह ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पहले देखिए घटना से जुड़ी 3 तस्वीरें स्कॉर्पियो में आए बदमाश पीड़ित सेल्समैन भरत ने मोहनगढ़ थाना पुलिस को मंगलवार को रिपोर्ट दी। जिसमें बताया- सोमवार रात करीब 9:40 बजे फर्म की गाड़ी आने पर मैं दुकान के अंदर माल जमा कर रहा था। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी आई और दुकान के बाहर रुकी। स्कॉर्पियो से मोहनगढ़ निवासी गोविंद सिंह, लोकेंद्र सिंह, जीवराज सिंह और एक अन्य युवक नीचे उतरे। सभी लोग दुकान के अंदर घुसे और जबरन शराब की बोतलें उठाने लगे। जब मैंने उन्हें रोका तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। दुकान के भीतर मारपीट करने के बाद आरोपी मुझे जबरन खींचकर बाहर ले आए और सड़क पर लात-घूंसों से पीटने लगे। मेरी नाक और चेहरे पर कई बार घूसे मारे, जिसके कारण मुझे सांस लेने में तकलीफ होने लगी। जबकि पेट में भी गंभीर चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकार मौके पर भीड़ जुट गई। मेरे पिता चुतराराम भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव कर मेरी जान बचाई। चारों आरोपी शराब की दुकान से वाइन की 4 और बीयर की 3 बोतलें लूटकर अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से फरार हो गए। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस एएसआई तनेराव सिंह ने बताया- रिपोर्ट के आधार पर पुलिस वाइन शॉप और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बदमाशों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।