शहर के गांधीपुरा स्थित मनवार वाटिका में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव को लेकर भक्तों और श्रद्धालुओं में उत्साह है। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 4.30 बजे महा संकीर्तन एवं पालकी यात्रा से होगा। इसके बाद दिनभर विभिन्न आध्यात्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। महोत्सव में फैंसी ड्रेस प्रस्तुति, मटकी फोड़ प्रतियोगिता, नृत्य-भजन, संध्या आरती, नाटिका, कलश अभिषेक और राधा-कृष्ण झूलन सहित कई कार्यक्रम होंगे। जन्माष्टमी के अवसर पर रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का विशेष अभिषेक, महामंगल आरती और 56 भोग दर्शन प्रमुख आकर्षण रहेंगे। श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी की भी विशेष व्यवस्था की गई है। इस्कॉन केंद्र प्रमुख कालिंदी मोहनदास ने बताया कि महोत्सव में नाटिका, कीर्तन, भजन व नृत्य प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं को कृष्णभक्ति से जोड़ेंगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से परिवार और मित्रों सहित आयोजन में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य उत्सव का आनंद लेने का आग्रह किया।