जयपुर में मंदिर में पूजा करने गई महिला के कंगन बदमाश ने उतरवा लिए। इसके बाद आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने जवाहर नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाया है। जवाहर नगर थानाधिकारी सरला यादव ने बताया- धीरज बुलानी (38) निवासी सेक्टर-4 जवाहर नगर 1 सितंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे घर के पास हनुमान मंदिर में पूजा करने गई थीं। इसी दौरान वहां एक अज्ञात व्यक्ति महिला से मिला। महिला का आरोप है कि आरोपी ने मुझे अपनी बातों में फंसाकर धोखे से मेरे हाथ के कंगन उतरवा लिए। मंदिर में अज्ञात व्यक्ति ने गुप्त दान की बातें कहकर पहले ध्यान भटकाया। फिर उसकी बातों में आकर मंदिर में मौजूद लोगों के बीच ही अज्ञात शख्स को गहने दे दिए। इसके बाद आरोपी मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस अब मंदिर और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही आरोपी के भागने के रास्ते और मोटरसाइकिल के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।