झालावाड़ जिले में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जिले की 8 नगरीय निकायों में मतदान के लिए प्रशासन ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की मौजूदगी में ईवीएम का दूसरा रैंडमाइजेशन किया गया। इसके साथ ही बुधवार को ईवीएम का आवंटन भी कर दिया गया। जिले में कुल 249 मतदान बूथ बनाए गए हैं। इनमें 245 सामान्य और 4 सहायक मतदान बूथ शामिल हैं। पहले रैंडमाइजेशन में रिजर्व सहित 300 ईवीएम आवंटित की गई थीं। अब दूसरे रैंडमाइजेशन के बाद 247 ईवीएम मतदान बूथों के लिए और 53 ईवीएम रिजर्व रखी गई हैं। झालावाड़ नगर परिषद में वार्ड 2 और 5 निर्विरोध घोषित होने के कारण वहां दो बूथों के लिए ईवीएम मतदान के लिए आवंटित नहीं की गई हैं। चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों ने भी प्रचार अभियान तेज कर दिया है। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब प्रत्याशी मतदाताओं से संपर्क साधने में जुटे हैं। वार्डवार मुकाबले में कांग्रेस, भाजपा, आम आदमी पार्टी और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच कई सीटों पर रोचक मुकाबला देखने को मिल रहा है। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा, ईवीएम के सुरक्षित भंडारण और मतदान केंद्रों तक मशीनों की पहुंच तय करने की तैयारियां की जा रही हैं। कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए हैं। अब चुनावी मैदान में प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ने के साथ ही जिले की निकाय राजनीति में मुकाबला और रोचक होने की उम्मीद है।