झालावाड़ में निकाय चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का सोमवार को अंतिम दिन था। झालावाड़ नगर परिषद और खानपुर में भाजपा, कांग्रेस, निर्दलीय और आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशियों ने रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष अपने नामांकन पत्र जमा किए। पार्टियों द्वारा अधिकृत प्रत्याशियों की सूची अंतिम दिन जारी करने से राजनीतिक दलों में स्थिति स्पष्ट हुई। सुबह 10 बजे से ही दावेदारों का मिनी सचिवालय स्थित रिटर्निंग अधिकारी कक्ष में आना शुरू हो गया था, जिससे वहां भीड़ लगी रही। इस दौरान पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी और पूरी नामांकन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। भाजपा और कांग्रेस के पदाधिकारियों की मौजूदगी में यह प्रक्रिया संपन्न हुई। राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए दोनों प्रमुख दलों ने अंतिम दिन ही सूची जारी कर अपने सिंबल दिए। झालावाड़ नगर परिषद में कुल 45 वार्ड हैं, जबकि खानपुर में 25 वार्ड हैं। झालावाड़ जिले की 8 निकायों में चुनाव दो चरणों में 9 और 11 सितंबर को संपन्न होंगे। झालावाड़ में सभापति का पद अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित है, वहीं खानपुर में यह सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। जिलेभर में दोनों प्रमुख पार्टियों को बागियों का सामना करना पड़ सकता है। कई कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रयासों के बावजूद निर्दलीय नामांकन दाखिल कर दिए हैं। इसके अतिरिक्त आप और अन्य पार्टियों के चुनाव में उतरने से भी दोनों बड़ी पार्टियों के लिए बागियों का खतरा बना रहेगा। प्रथम चरण का मतदान 9 सितंबर को होगा। इसमें नगर परिषद झालावाड़ के 45 वार्ड, नगर पालिका झालरापाटन के 35 वार्ड, नगर पालिका भवानीमंडी के 40 वार्ड और नगर पालिका डग के 20 वार्ड शामिल हैं। इस प्रकार, प्रथम चरण में जिले के कुल 140 वार्डों में मतदान कराया जाएगा। द्वितीय चरण में 11 सितम्बर को मतदान द्वितीय चरण में नगर पालिका खानपुर के 25 वार्ड, नगर पालिका अकलेरा के 35 वार्ड, नगर पालिका मनोहरथाना के 20 वार्ड तथा नगर पालिका पिड़ावा के 20 वार्ड में मतदान होगा। इस प्रकार द्वितीय चरण में जिले के कुल 100 वार्डों में मतदान कराया जाएगा।