झालावाड़ में निकाय चुनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। कानून व्यवस्था बनाए रखने और लोगों को बिना डर के वोट डालने का भरोसा देने के लिए गुरुवार को झालावाड़ शहर में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। डीएसपी हर्षराज सिंह खरेड़ा के नेतृत्व में यह फ्लैग मार्च बस स्टैंड से शुरू हुआ। पुलिस का काफिला शहर के बड़े बाजारों, मुख्य रास्तों और संवेदनशील इलाकों से गुजरा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पैदल और गाड़ियों से सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फ्लैग मार्च पुरानी जेल रोड, बड़ा बाजार, सराफा बाजार और धोकड़े के बालाजी जैसे मुख्य रास्तों से होते हुए गागरोन चौराहा पहुंचा और वहीं खत्म हुआ। इसमें चार दर्जन से ज्यादा पुलिस जवान अपनी वर्दी में मौजूद थे। शहर कोतवाल मुकेश मीणा और सदर थानाधिकारी इब्राहिम समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान फ्लैग मार्च में शामिल हुए। लोगों से बिना डरे वोट डालने की अपील की पुलिस अधिकारियों ने लोगों से निकाय चुनाव में शांतिपूर्ण और बिना डरे वोट डालने की अपील की। उन्होंने असामाजिक तत्वों को साफ संदेश दिया कि चुनाव के दौरान कोई भी गड़बड़ी या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस के इस फ्लैग मार्च से शहर में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा। पुलिस प्रशासन की इस तैयारी से साफ है कि वे शांतिपूर्ण मतदान और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। जिले की झालावाड़ नगरपरिषद और 7 अन्य निकायों में चुनाव हो रहे हैं।