झालावाड़ में मंगलवार को पुलिस लाइन परिसर में एक श्रद्धांजलि सभा हुई। इसमें पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के पिता महावीर प्रसाद और गंगधार के डीएसपी आशीष भार्गव के पिता को याद किया गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। जानकारी के मुताबिक, एसपी अमित कुमार के पिता महावीर प्रसाद का 31 अगस्त की रात सड़क हादसे में निधन हो गया था। इसी दिन गंगधार के डीएसपी आशीष भार्गव के पिता का भी निधन हो गया। एक ही दिन में 2 अधिकारियों के परिवारों में हुई इन घटनाओं से पुलिस विभाग में दुख का माहौल है। पुलिस लाइन में हुई सभा के दौरान दोनों दिवंगतों की तस्वीरों पर फूल चढ़ाए गए। लाइन पुलिस, एसपी कार्यालय और यातायात पुलिस समेत दूसरे पुलिस दफ्तरों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने कुछ देर मौन रखकर प्रार्थना की और परिवारों के प्रति दुख जताया।