झुंझुनूं में आज निकाय चुनाव की वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू होगी। जिले में पहले चरण के तहत झुंझुनूं नगर परिषद और नगर पालिका बगड़, सुल्ताना, नवलगढ़, जाखल, मुकुंदगढ़, इंड लोद, खेतड़ी और उदयपुरवाटी नगरपालिका में सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। वोटिंग को देखते हुए जिले में सरकारी छुट्टी घोषित की गई है। जिले के बाकी 10 निकायों में 11 सितंबर को मतदान होगा। सभी निकायों की मतगणना 14 सितंबर को होगी। 9 निकायों में 2.57 लाख मतदाता झुंझुनूं के इन 9 निकायों में 2.57 लाख मतदाता हैं, जो 1194 प्रत्याशियों की किस्मत तय करेंगे। सबसे ज्यादा प्रत्याशी झुंझुनूं नगर परिषद में हैं, यहां 262 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। 600 मतदान स्थलों पर वोटिंग शुरू हुई। झुंझुनूं नगर परिषद में सबसे ज्यादा प्रत्याशी वार्ड नंबर 3 में हैं, यहां 11 उम्मीदवार हैं। वहीं सबसे कम प्रत्याशी वाले 7 अलग अलग वार्ड हैं, जहां 2-2 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि पहले फेज में 2200 से ज्यादा पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है, जिससे वोटिंग के दौरान सुरक्षा पुख्ता रहे।