नगर परिषद चुनाव-2026 में नामांकन के बाद अब कानूनी पात्रता का मुद्दा भी सामने आ गया है। वार्ड संख्या-9 से पार्षद पद के प्रत्याशी विकास कुमार के नामांकन पर रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई गई है। आपत्ति में दावा किया गया है कि उनकी फर्म M/s J Perfect Construction को नगर परिषद झुंझुनूं से कार्य आवंटित किए गए हैं। इसी आधार पर नामांकन निरस्त करने की मांग की गई है। शिकायत के साथ फर्म के पंजीकरण, ई-टेंडरिंग और वर्क ऑर्डर सहित कई दस्तावेज भी सौंपे गए हैं। रिटर्निंग अधिकारी SDM झुंझुनूं रामकरण सिंह ने बताया कि आपत्ति जताई गई है। नियमों के अनुसार विचार कर रहे हैं। आज ही मिली है। पूरे तथ्यों की जांच कर रहे है। जो नियमों होगा, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। अब पढ़िए आवेदन में क्या कहा रिटर्निंग अधिकारी को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि वार्ड-9 से पार्षद पद के प्रत्याशी विकास कुमार M/s J Perfect Construction के मालिक हैं। आवेदन के अनुसार इस फर्म ने नगर परिषद झुंझुनूं के साथ संविदा कर कार्य किए हैं। इसलिए संबंधित प्रत्याशी को पार्षद पद के लिए अयोग्य मानते हुए उनका नामांकन निरस्त करने की मांग की गई है। आवेदन के साथ फर्म का रजिस्ट्रेशन, ई-टेंडरिंग रिकॉर्ड, वर्क ऑर्डर और अन्य दस्तावेज भी लगाए गए हैं। शिकायत की प्रतिलिपि राज्य निर्वाचन आयोग और जिला कलक्टर को भी भेजी गई है। प्रत्याशी की फर्म M/s J Perfect Construction को नगर परिषद से 6.91 लाख रुपए के कार्य का वर्क ऑर्डर मिला हुआ है। इसकी जानकारी दी गई है। बताया गया है कि राजस्थान नगरपालिका अधिनियम, 2009 की धारा-24 और निर्वाचन नियम, 1994 का हवाला देकर नामांकन निरस्त करने की मांग की है। क्या कहते हैं नियम राजस्थान नगरपालिका अधिनियम, 2009 की धारा-24 में पार्षद बनने के लिए अयोग्यता के प्रावधान दिए गए हैं। आवेदन में धारा 24(15) का हवाला देते हुए कहा गया है कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं या अपनी फर्म के माध्यम से नगर निकाय के साथ संविदा, ठेका या आर्थिक हित रखता है, तो वह पार्षद बनने के लिए अयोग्य हो सकता है। वहीं राजस्थान नगरपालिका (निर्वाचन) नियम, 1994 के अनुसार नामांकन पत्रों की संवीक्षा के समय किसी भी अभ्यर्थी की पात्रता पर दस्तावेजों सहित आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। रिटर्निंग अधिकारी शिकायत, दस्तावेज और संबंधित प्रत्याशी का पक्ष सुनने के बाद नामांकन स्वीकार या अस्वीकार करने का निर्णय लेते हैं। ये मिले हैं वॉर्क ऑर्डर