जोबनेर थाना क्षेत्र के खेजड़ावास गांव में सोमवार को 27 वर्षीय महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। महिला के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए परेशान करने और गला घोंटकर हत्या करने के आरोप लगाए हैं। मामले में मृतका के भाई देवेंद्र कुमावत ने जोबनेर थाने में लिखित शिकायत दी है। मामले में परिजन कार्रवाई की मांग को लेकर थाने में धरने पर बैठे हैं। ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए विवाहिता को परेशान करने का आरोप शिकायत के अनुसार मृतका संजू कुमावत की शादी 2024 में खेजड़ावास निवासी जितेंद्र कुमावत से हुई थी। महिला का एक साल का बेटा (मयंक) भी है। देवेंद्र कुमावत ने आरोप लगाया कि शादी के करीब दो माह बाद से ही संजू को दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। पति जितेंद्र कुमावत, ससुर जगदीश कुमावत, सास नांची देवी सहित अन्य रिश्तेदारों पर रुपये और चार पहिया वाहन की मांग करने का आरोप लगाया गया है। मृतका के गले पर रस्सी के निशान, ससुराल ने बताया हार्ट अटैक परिजनों का आरोप है कि संजू की गला घोंटकर हत्या की गई। जबकि सुसराल पक्ष ने घटना के करीब 2 घंटे बाद उन्हें संजू की हार्ट अटैक से मौत की सूचना दी थी। मौत के बाद उसे राजकीय अस्पताल हिंगोनिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मौके पर पहुंचने पर उन्होंने संजू के गले पर रस्सी के निशान होने का दावा किया। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। धरने पर बैठे परिजन परिजनो ने मामले की निष्पक्ष जांच और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की, इसके बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया कराई गई। परिजनों ने नामजद आरोपियों के खिलाफ शिकायत देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने सोमवार शाम करीब 7:30 बजे FIR में गलती सुधारने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया था। देर रात से हॉस्पिटल के बाहर मृतक के परिजनों का धरना आज भी जारी है। परिजनों का कहना था कि जब तक दोनों मांगें पूरी नहीं होतीं, वे शव नहीं लेंगे और न ही ससुराल पक्ष को शव ले जाने देंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मौत की परिस्थितियों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा जोबनेर थानाधिकारी मोतीलाल शर्मा के अनुसार जोबनेर एसडीएम रमेश कुमार, तहसीलदार गजेंद्र सिंह राठौड़ और पुलिस उपाधीक्षक पन्नालाल जांगिड़ की मौजूदगी में दोनों पक्षों से समझाइश की गई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव ससुराल पक्ष को सौंपने पर सहमति बनी थी। प्रशासन की ओर से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। --- ये खबर भी पढ़ें…. जयपुर में ससुराल वालों से परेशान विवाहिता ने किया सुसाइड:कहते-दहेज में तो कुछ लाई नहीं, आत्महत्या करले; वीडियो कॉल पर भाई को भी धमकाया था जयपुर में एक विवाहिता के सुसाइड का मामला सामने आया है। गेहूं की टंकी से निकाला जहर अपने 4 महीने के मासूम बेट के सामने खा लिया। दहेज की मांग को लेकर ससुरालवालों के मारपीट कर टॉर्चर करने से वह परेशान थी। (पूरी खबर पढ़ें)