जोधपुर में नगर निगम के चुनावों को लेकर नामांकनों की जांच (स्क्रूटनिंग) की गई। सिंबल मिलने और लिस्ट जारी होने के बाद शहर के अधिकांश वार्ड में भाजपा और कांग्रेस से दावेदारी करने वाले अधिकांश प्रत्याशियों के नामांकन रद्द कर दिए गए है। इनमें सबसे ज्यादा कांग्रेस से दावेदारी जताने वाले थे। ऐसे करीब 109 के नामांकन अकेले कांग्रेस से रिजेक्ट हुए हैं। वहीं शहर के 19 वार्ड ऐसे भी है, जहां से एक भी नामांकन रद्द नहीं हुआ है। इधर, जोधपुर समेत जिले की बाकी 6 नगर पालिकाओं में भी स्क्रूटनिंग की प्रक्रिया मंगलवार को पूरी हुई। इस दौरान बिलाड़ा नगर पालिका से वार्ड नंबर 2 और 10 से कांग्रेस प्रत्याशियों के नामांकन रद्द होने के बाद वहां विवाद बढ़ गया। देर रात कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए और भेदभाव का आरोप लगाया। देखें पार्टी वाइज किस वार्ड से कितनों के नामांकन रिजेक्ट हुए और कितने प्रत्याशी मैदान में… शहर के 19 वार्ड जहां से एक भी नामांकन रद्द नहीं जोधपुर नगर निगम के 100 वार्डों में से 19 वार्ड ऐसे भी है, जहां से एक भी नामांकन रद्द नहीं हुआ है। इनमें वार्ड नंबर 3,15, 19, 39, 41, 44, 49, 53, 57, 58, 60, 65, 66, 68, 70, 72, 82, 84 और वार्ड नंबर 89 शामिल है। कांग्रेस के दो वार्ड ऐसे जहां सबसे ज्यादा नामांकन रद्द हुए नामांकन दाखिल करने में कांग्रेसी कार्यकर्ता पीछे नहीं रहे। लेकिन, दो वार्ड ऐसे हैं, जहां पार्टी प्रत्याशी के अलावा 7-7 लोगों ने भी अपनी दावेदारी पेश की थी। इनमें वार्ड नंबर 73 और 87 शामिल है। जहां से सबसे ज्यादा दावेदारी पेश की गई थी, हालांकि इन सभी के नामांकन रद्द कर दिए गए है। वहीं भाजपा से वार्ड नंबर 34 से 5 और वार्ड नंबर 51 से 4 उम्मीदवारों को नामांकन रद्द हुए है, जिन्होंने पार्टी से दावेदारी पेश की थी। इसके अलावा आरएलपी ने 67 वार्ड से देवेंद्र वैष्णव को प्रत्याशी के तौर पर उतारा था। लेकिन, उनका नामांकन रिजेक्ट हो गया। इसके साथ ही 21 निर्दलीय उम्मीदवारों के भी नामांकन रद्द हुए है। इधर, बिलाड़ा में देर रात तक चला समझाइश का दौर इधर, बिलाड़ा नगर पालिका में कांग्रेस के दो उम्मीदवारों के नामांकन रिजेक्ट होने के बाद विवाद बढ़ गया। इनमें वार्ड नंबर 2 से तेजराम और वार्ड नंबर 10 से दुर्गा देवी का नामांकन खारिज हुआ है। वार्ड नंबर 10 से बीजेपी के एकमात्र उम्मीदवार चंद्र प्रकाश है। इस वार्ड से नामांकन करने वाले कांग्रेस समेत तीनों प्रत्याशियों के नामांकन रिजेक्ट हो गए है। इधर, इसके बाद देर रात कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। इसके बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश की। 100 वार्डों के लिए 698 उम्मीदवारों ने पेश किया था नामांकन नगर निगम जोधपुर के 100 वार्डों के लिए सोमवार को 698 अभ्यर्थियों की ओर से 823 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। इनमें कुल 725 अभ्यर्थियों द्वारा 864 नामांकन प्रस्तुत किए गए थे। मंगलवार को इन सभी की स्क्रूटनिंग की प्रक्रिया की गई। इसमें 100 वार्डों के 230 नामांकन रिजेक्ट किए गए, जबकि 634 नामांकन पत्र सही पाए गए है। इस प्रोसेस में 573 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए। वहीं, आरएलपी ने 67 वार्ड से देवेंद्र वैष्णव को प्रत्याशी के तौर पर उतारा था। लेकिन, उनका नामांकन रिजेक्ट हो गया।