जोधपुर नगर निगम के मेयर पद के लिए आज वोटिंग होगी। मेयर चुनाव में भाजपा के प्रसन्नचंद मेहता और कांग्रेस के राजेंद्र सोलंकी में सीधी टक्कर है। वोटिंग 10 बजे से शुरू होने वाली है। इससे पहले मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर के बाहर पुलिस जाब्ता तैनात हो गया है। बैरिकेड भी लगा दिए गए हैं। बता दें कि भाजपा के पास 45 और कांग्रेस के पास 44 पार्षद हैं। वहीं, 10 निर्दलीय और एक आरएलपी के प्रत्याशी ने जीत हासिल की थी। इसके बाद 6 निर्दलीय पार्षदों ने भाजपा को समर्थन देते हुए पार्टी की सदस्यता ली थी। ऐसे में भाजपा के पास 51 का बहुमत आ गया था। वहीं, कांग्रेस का दावा है कि उनके पास भी निर्द​लीय प्रत्याशियों का पूरा समर्थन है। मेयर दावेदारों के बारे में जानिए- प्रसन्नचंद मेहता: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से आने वाले प्रसन्नचंद मेहता संगठन के पुराने सिपाही हैं और भाजपा में जिलाध्यक्ष से लेकर प्रदेश उपाध्यक्ष जैसे कई अहम पदों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया के भी नजदीकी है। उन्होंने वार्ड 82 से कांग्रेस के कैंडिडेट अरविंद परिहार को हराकर जीत दर्ज की है। राजेंद्र सोलंकी: ये पूर्व सीएम अशोक गहलोत के करीबी है। वे जेडीए और यूआईटी चेयरमैन भी रह चुके हैं। युवा कांग्रेस से उनकी राजनीति में एंट्री हुई थी। वे पार्षद भी रह चुके हैं। गहलोत सरकार के समय उन्हें राज्यमंत्री का भी दर्जा मिला था। इसके अलावा शहर के अलग-अलग 12 सामाजिक संगठनों में वे संरक्षक, अध्यक्ष और सदस्य रह चुके हैं। चुनाव के अपडेट के लिए ब्लॉग पढ़िए-