जोधपुर नगर निगम के चुनाव को लेकर मंगलवार को स्क्रूटनी की प्रक्रिया पूरी हुई। वहीं इस प्रक्रिया के तहत बिलाड़ा नगर पालिका में कांग्रेस के दो नामांकन खारिज होने पर पदाधिकारी और कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। यहां कांग्रेस प्रत्याशी वार्ड नंबर 2 से तेजराम और 10 से दुर्गा देवी नामांकन रद्द हुए है। इधर, जोधपुर नगर निगम के 100 वार्डों की भी स्क्रूटनी मंगलवार देर रात को पूरी हुई। इसमें आरएलपी के एक प्रत्याशी का नामांकन रद्द किया गया। इस स्क्रूटनिंग में 230 नामांकन रिजेक्ट हुए। इनमें भाजपा और कांग्रेस के भी कई कार्यकर्ता शामिल है, जिन्होंने दावेदारी पेश की थी। 100 वार्डों के लिए 698 उम्मीदवारों ने पेश किया था नामांकन नगर निगम जोधपुर के 100 वार्डों के लिए सोमवार को 698 अभ्यर्थियों की ओर से 823 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। इनमें कुल 725 अभ्यर्थियों द्वारा 864 नामांकन प्रस्तुत किए गए थे। मंगलवार को इन सभी की स्क्रूटनिंग की प्रक्रिया की गई। इसमें 100 वार्डों के 230 नामांकन रिजेक्ट किए गए, जबकि 634 नामांकन पत्र सही पाए गए है। इस प्रोसेस में 573 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए। वहीं, आरएलपी ने 67 वार्ड से देवेंद्र वैष्णव को प्रत्याशी के तौर पर उतारा था। लेकिन, उनका नामांकन रिजेक्ट हो गया। इधर, बिलाड़ा में देर रात तक चला समझाइश का दौर इधर, बिलाड़ा नगर पालिका में कांग्रेस के दो उम्मीदवारों के नामांकन रिजेक्ट होने के बाद विवाद बढ़ गया। इनमें वार्ड नंबर 2 से तेजराम और वार्ड नंबर 10 से दुर्गा देवी का नामांकन खारिज हुआ है। वार्ड नंबर 10 से बीजेपी के एकमात्र उम्मीदवार चंद्र प्रकाश है। इस वार्ड से नामांकन करने वाले कांग्रेस समेत तीनों प्रत्याशियों के नामांकन रिजेक्ट हो गए है। इधर, इसके बाद देर रात कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। इसके बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश की। कल से चलेगा मान-मनुहार का दौर दरअसल, नामांकन के दौरान दोनों दलों के कई ऐसे कार्यकर्ता भी थे, जिन्होंने पार्टी और निर्दलीय दोनों के तौर पर नामांकन दाखिल किया था। पार्टी से किसी एक के नाम का सिंबल मिलने पर बाकी के नामांकन रिजेक्ट हो गए थे, लेकिन जिन लोगों ने निर्दलीय नामांकन पेश किया था, वे अब मैदान में हैं। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी चुनौती इन्हें मनाने की है। बताया जा रहा है ​कि इस डैमेज कंट्रोल को रोकने के लिए बुधवार से मान-मनुहार का दौर चलेगा। गौरतलब है कि नामांकन लेने की आखिरी तारीख 3 सितंबर है। ऐसे में दो दिन में इन्हें मनाने का दौर चलेगा।