जयपुर में फर्जी डिग्री से नौकरी हासिल करने वाले पीटीआई को स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पीटीआई ने बैक डेट में फर्जी बीपीएड की डिग्री हासिल की गई। नौकरी से बर्खास्त होने पर वह एसओजी की गिरफ्त से बचने के लिए डेढ साल तक फरारी काटता रहा। पूछताछ में उसने दलालों के जरिए 1.20 लाख रुपए में फर्जी डिग्री खरीदने की बात कबूल की है। मंगलवार दोपहर आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। बैक डेट की डिग्री से हासिल की PTI की नौकरी एडीजी SOG विशाल बंसल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान चन्द्र सिंह पटेल (41), निवासी बिलाड़ा, जोधपुर के रूप में हुई है। आरोपी ने बैक डेट में तैयार कराई गई फर्जी B.P.Ed. डिग्री के आधार पर शारीरिक शिक्षा अध्यापक भर्ती-2021 में चयन हासिल किया था। इसके बाद उसे थर्ड ग्रेड PTI के पद पर नौकरी मिल गई थी। जांच में डिग्री का खुलासा होने पर शिक्षा विभाग को भेजने पर आरोपी चन्द्र सिंह पटेल को फिजिकल टीचर की पोस्ट से हटा दिया गया था। गिरफ्तारी के डर से डेढ़ साल तक फरारी काटता रहा नौकरी से हटाए जाने के बाद एसओजी की गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी करीब डेढ़ साल तक छिपता रहा। एसओजी टीम ने आरोपी को जोधपुर ग्रामीण से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले डेढ़ साल से जोधपुर शहर में अलग-अलग जगहों पर छिपकर फरारी काट रहा था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने बाबूलाल उर्फ बाबू पटेल, प्रदीप कुमार शर्मा और रवि त्यागी नाम के दलालों के जरिए 1.20 लाख रुपए देकर फर्जी B.P.Ed. डिग्री हासिल की थी। SOG इन तीनों दलालों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। एडीजी SOG विशाल बंसल ने बताया कि इस मामले में ओपीजेएस यूनिवसिर्टी चूरू, जेएस यूनिवसिर्टी शिकोहाबाद उत्तर प्रदेश के चांसलर, पूर्व रजिस्ट्रार सहित 22 आरोपियों को अब तक अरेस्ट किया जा चुका है।