करौली में भाजपा ने नगरीय निकाय चुनाव 2026 के लिए अपना नगरीय विकास संकल्प-पत्र जारी किया है। इस संकल्प-पत्र में शहर के विकास का पूरा विजन सामने रखा गया है। गौशाला स्थित विधायक निवास पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने इसकी मुख्य घोषणाओं की जानकारी दी। भाजपा ने शहर को जाम की समस्या से छुटकारा दिलाने, रिंग रोड बनाने, पार्किंग सुविधा, सीसीटीवी कैमरे लगाने, ग्रीन बेल्ट विकसित करने, सीवरेज और वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को बेहतर बनाने का वादा किया है। साथ ही, आधुनिक सफाई व्यवस्था लागू करने का भी संकल्प लिया है। संकल्प-पत्र में शहर में बार-बार लगने वाले जाम को खत्म करने के लिए बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट और पार्किंग सुविधा विकसित करने की बात कही गई है। ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए रिंग रोड बनाने का भी वादा किया गया है। इसके अलावा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और निर्माण के साथ आवारा पशुओं की समस्या का समाधान करने का भी आश्वासन दिया गया है। सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए जीपीएस से लैस कचरा कलेक्शन सिस्टम लागू करने, नालियों की नियमित सफाई और कचरा प्रबंधन को मजबूत करने का वादा किया गया है। शहर में ग्रीन बेल्ट विकसित करने पर भी जोर दिया गया है। महिलाओं की सुविधा के लिए शहर में पिंक टॉयलेट बनाने और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने की घोषणा की गई है। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए मुख्य जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी संकल्प लिया गया है। सीवरेज व्यवस्था के विस्तार और सुधार के साथ वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने की बात भी संकल्प-पत्र में शामिल है। इसका मकसद शहरी सुविधाओं के साथ जल संरक्षण को मजबूत करना है। भवन निर्माण और लाइसेंस से जुड़ी फाइलों के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू कर एक हफ्ते में उनका निपटारा करने का दावा किया गया है। विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने करौली नगर परिषद में भाजपा का सभापति बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में संकल्प-पत्र में किए गए विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा।