करौली जिले में मानसून लगातार सक्रिय है। पिछले दो दिनों से रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। इससे तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहावना बना हुआ है। बारिश के कारण जिले के नदी-नालों, तालाबों और बांधों में पानी की आवक बनी हुई है। पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन 52.8 एमएम बारिश दर्ज की गई। सपोटरा में सबसे ज्यादा 101 एमएम और मंडरायल में सबसे कम 8 एमएम बारिश हुई। बारिश के चलते प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों में शनिवार को छुट्टी घोषित की। पांचना बांध का जलस्तर 256.85 मीटर पहुंचा लगातार बारिश से पांचना बांध में भी करीब 25 सेंटीमीटर पानी आया है। इससे बांध का जलस्तर बढ़कर 256.85 मीटर पहुंच गया है। बांध का अधिकतम गेज 258.62 मीटर है। बारिश के कारण सपोटरा के करणपुर क्षेत्र में नदी-नालों में उफान आ गया, जिससे कुछ जगहों पर आवागमन पर असर पड़ा। ग्रामीण इलाकों में भी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। जल संसाधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में सपोटरा में 101 एमएम, नादौती में 83 एमएम, कालीसिल बांध पर 67 एमएम, श्रीमहावीरजी में 55 एमएम, पांचना बांध पर 55 एमएम, जगर बांध पर 51 एमएम, करौली में 44 एमएम, टोडाभीम में 38 एमएम, हिंडौन में 31 एमएम और मंडरायल में 8 एमएम बारिश दर्ज की गई। करौली जिले में मानसून सत्र की औसत वर्षा 686 एमएम है। इस मानसून सत्र में अब तक औसत वर्षा की तुलना में करीब 29 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। अब तक मानसून की औसत वर्षा का 71.7 प्रतिशत पानी जिले में बरस चुका है। मानसून की सक्रियता के चलते आगामी दिनों में बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है।