करौली में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में जिला स्पेशल टीम और कैलादेवी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस ने 14.75 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश कुमार मीना (32) निवासी कालाखाना, थाना सदर हिण्डौनसिटी और अवदेश मीना (24) निवासी मोहनपुरा, थाना कैलादेवी के रूप में हुई है। दोनों करौली जिले के रहने वाले हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से स्मैक की खरीद-फरोख्त और तस्करी के नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि स्मैक कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।