सांसद राहुल कस्वां ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलकर संसदीय क्षेत्र चूरू से जुड़े रेलवे संबंधित विभिन्न मुद्दों से अवगत कराया। कस्वां ने खाटूश्यामजी-सालासर बालाजी रेल मार्ग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि रेलवे मंत्रालय द्वारा राजस्थान के दो महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों खाटूश्यामजी व सालासर बालाजी को जोड़ने के लिए रेल मार्ग की डीपीआर बनाए जाने की स्वीकृति जारी की है तथा सर्वे कार्य किया जा रहा है। कनेक्टिविटी के माध्यम से देखा जाए तो रींगस से खाटूश्यामजी होते हुए सालासर बालाजी धाम तक सर्वे का कार्य किया जाना तय हुआ था, लेकिन रींगस से खाटूश्यामजी और सालासर तक नई रेल लाइन की जो डीपीआर बनाई जा रही है, उसमें रींगस से खाटू तक और फिर रसीदपुरा स्टेशन से सालासर-सुजानगढ़ तक दो भागों में निर्माण किए जाने का प्रस्ताव किया जा रहा है, जिसका औचित्य नहीं है। अगर खाटू-सालासर-सुजानगढ़ के लिए नई लाइन डालकर जोड़ा जाता है, तो भविष्य में डूंगर बालाजी-बीदासर-देशनोक (करणीमाता) धार्मिक स्थल जोड़ने के लिए रेल कनेक्टिविटी के लिए लाभदायक होगा। कस्वां ने रतनगढ़ के मुख्य मार्ग पर, सरदारशहर से श्रीडूंगरगढ़ एसएच 06 पर आने वाले फाटक पर, राजगढ़ में बहल फाटक पर, पड़िहारा के पास एसएच 07 सी पर रतनगढ़ की ओर ओवरब्रिज बनाने की मांग रखी। बीकानेर-दिल्ली कैंट के बीच संचालित वंदे भारत का विस्तार मथुरा तक करने का मुद्दा उठाया।