यूपी में प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। मंगलवार शाम को मुख्य आरोपी आदिल के बेटे नौशाद का घर बुलडोजर से तोड़ा गया। 72 वर्गगज के इस घर में बेसमेंट के साथ 3 फ्लोर बने हैं। इस घर का प्रयागराज विकास प्राधिकरण से नक्शा पास नहीं कराया गया था। वहीं, मंगलवार दोपहर मेडिकल कॉलेज में एक घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, एक अन्य शव पोस्टमॉर्टम हाउस में रखा था। बुजुर्ग पिता ने उसकी पहचान अपने बेटे सुनील के रूप में की। दरअसल, सोमवार को सुनील का सिर्फ एक पैर मिला था, लेकिन शव नहीं मिला था। मंगलवार सुबह उसके पिता सरजू दास मलबे में बेटे की तलाश करते दिखे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें पोस्टमॉर्टम हाउस भेजा। यहां उन्होंने शव की शिनाख्त की। इधर, मलबे से जिंदा निकली बच्ची हादसे के सदमे में है। आज डिस्चार्ज होकर घर पहुंची तो भास्कर रिपोर्टर ने उससे बात करने की कोशिश की, लेकिन बच्ची इतनी दहशत में थी कि कोई जवाब नहीं दे पाई। मामले में लापरवाही बरतने पर एक इंस्पेक्टर, 6 दरोगा समेत 9 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया। मंगलवार तड़के फैक्ट्री मालिक नौशाद (50) को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद अरेस्ट कर लिया। उसे पैर में गोली लगी है। वह शहर छोड़कर भागने की फिराक में था। हादसे में जान गंवाने वाले 8 बच्चों समेत 13 शवों का थोड़ी देर में पोस्टमॉर्टम होगा। 3 शवों का प्रयागराज जबकि 8 शवों का पोस्टमॉर्टम कौशांबी में होगा। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले एक ही परिवार के 4 बच्चों के शव मंगलवार शाम करीब 6 बजे गांव पहुंचे। इसके बाद घरवालों और ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच कहासुनी भी हुई। ग्रामीणों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। सोमवार दोपहर 11.30 बजे फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ था। इसमें आसपास के 3 मकान जमींदोज हो गए। 5 मकान टूट गए थे। हादसे के बाद रात साढ़े 7 बजे फैक्ट्री से 400 मीटर दूर बनाए नौशाद के पटाखा गोदाम को बुलडोजर से ढहा दिया गया। फैक्ट्री में विस्फोट किस वजह हुआ, यह अभी तक साफ नहीं है। हालांकि, एक महिला ने बताया था- बिजली का खंभा गिरने के बाद फैक्ट्री में रखे बारूद में तेज धमाका हुआ। फैक्ट्री प्रयागराज में मनौरी एयरफोर्स स्टेशन से करीब 2 किलोमीटर दूर चल रही थी। आज की तस्वीरें देखिए ग्राफिक्स से समझिए कहां हुआ था विस्फोट… पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…