खैरथल में मंगलवार को नगर निकाय आम चुनाव 2026 के लिए मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण राजकीय कृषि महाविद्यालय, बासकृपालनगर, किशनगढ़बास में हुआ। इसका मकसद मतदान प्रक्रिया को सही और निष्पक्ष तरीके से पूरा कराना है। प्रशिक्षण में अधिकारियों को EVM चलाने और मतदान से जुड़े कई जरूरी पहलुओं की जानकारी दी गई। मतदान की तैयारियों के बारे में बताया इसमें मतदान के दिन की तैयारियों के बारे में बताया गया। इसमें EVM चलाने और सील करने का तरीका, वोटिंग की पूरी प्रक्रिया, मतदाताओं की पहचान और मतदान केंद्र पर जरूरी इंतजाम शामिल थे। उन्हें वोटिंग खत्म होने के बाद की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों के सवालों के जवाब दिए गए और उन्हें चुनाव आयोग के नियमों का पूरी तरह पालन करने को कहा गया। जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने प्रशिक्षण शिविर का जायजा लिया। उन्होंने पीठासीन अधिकारियों से चुनाव प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। चुनाव प्रक्रिया को अच्छे से समझने पर दिया जोर प्रकाश ने कहा-मतदान दल चुनाव प्रक्रिया की हर बारीकी को अच्छे से समझें। मतदान के दिन राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के हिसाब से काम करें। उन्होंने जोर दिया कि निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी चुनाव कराने में मतदान दलों की बड़ी भूमिका है। इसलिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया में कोई लापरवाही न हो। EVM और दूसरी चुनाव सामग्री को रखने और चलाने में तय नियमों का पालन किया जाए। अतुल प्रकाश ने कहा कि प्रशिक्षण में मिली जानकारी को व्यवहारिक रूप से समझें। मतदान के दिन उसी के हिसाब से काम करें। ये रहे मौजूद इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिवपाल जाट और अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनीष कुमार जाटव भी मौजूद थे। उनके साथ संबंधित अधिकारी और मतदान दलों के पीठासीन अधिकारी भी उपस्थित रहे।