खैरथल के राजकीय महाविद्यालय के नुक्कड़ नाटक समूह 'विप्लव' ने स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान में विद्यार्थियों ने मतदान के महत्व और लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका को लेकर कई सार्वजनिक जगहों पर नुक्कड़ नाटक पेश किए। कॉलेज प्राचार्य ने दिखाई हरी झंडी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय कुमार वर्मा ने मतदान जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर शुरू किया। इस रैली के जरिए विद्यार्थियों ने लोगों से लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अपने वोट का इस्तेमाल जरूर करने की अपील की। मदाधिकार का प्रयोग करने का दिया संदेश इसके बाद 'विप्लव' समूह ने कृषि उपज मंडी, अम्बेडकर चौराहा, नगर परिषद और तहसील परिसर में नुक्कड़ नाटक पेश किए। कलाकारों ने अपनी दमदार प्रस्तुति से मतदाताओं को वोट डालने के लिए जागरूक किया। उन्होंने लोगों को बिना किसी लालच, दबाव या भेदभाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संदेश दिया। इन नुक्कड़ नाटकों को स्थानीय लोगों ने खूब पसंद किया। कलाकारों के मजेदार संवाद, अभिनय और संदेश ने लोगों का ध्यान खींचा। लोगों ने विद्यार्थियों की इस पहल की तारीफ की और इसे मतदान जागरूकता का एक अच्छा तरीका बताया। 'विप्लव' समूह के नुक्कड़ नाटक में स्नेहलता, रिंकी, तन्नू, वंदना, रुचिका, साक्षी, रितिका, बादल, अमन, प्रमजीत, कोमल, पृथ्वी और चिंकी जैसे विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।