देश सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद राजेंद्र प्रसाद गुर्जर का 31वां शहीद दिवस 31 अगस्त को मनाया जाएगा। इस अवसर पर झालावाड़ जिले में खानपुर के अटरू रोड स्थित मूर्ति चौराहा पर सुबह 11 बजे श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में शहीद राजेंद्र प्रसाद गुर्जर के चित्र और प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस दौरान उनके देश के प्रति समर्पण, साहस और बलिदान को याद किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि राजेंद्र प्रसाद गुर्जर ब्लैक कैट कमांडो के रूप में देश की सेवा कर रहे थे। उन्होंने 31 अगस्त 1995 को पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की सुरक्षा में तैनात रहते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया था। उनकी शहादत को नमन करने के लिए हर साल शहीद दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। खानपुर अस्पताल का नाम अमर शहीद राजेंद्र प्रसाद कमांडो के नाम पर रखने की मांग कार्यक्रम में क्षेत्र के ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों और सर्व समाज के लोगों से शामिल होने की अपील की गई है। आयोजकों का कहना है कि शहीद दिवस समारोह का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को शहीद के बलिदान और देशभक्ति से परिचित कराना और उनके आदर्शों को समाज तक पहुंचाना है। समारोह को लेकर तैयारियां जारी हैं। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में पहुंचकर अमर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करने का आह्वान किया है। इस बीच, शहीद की बहन संजू समेत अन्य लोगों ने खानपुर अस्पताल का नाम अमर शहीद राजेंद्र प्रसाद कमांडो के नाम पर रखने की मांग की है।