झालावाड़ जिले के खानपुर में सोमवार को अमर शहीद ब्लैक कैट कमांडो राजेंद्र प्रसाद गुर्जर की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। अटरू रोड स्थित शहीद स्मारक पर हुए कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, शहीद के परिजनों और क्षेत्रवासियों ने नम आंखों से पुष्प अर्पित कर वीर शहीद को याद किया। कार्यक्रम में भाजपा नेता एवं सरपंच संघ अध्यक्ष अर्जुन सिंह गौड़ ने खानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का नाम अमर शहीद कमांडो राजेंद्र प्रसाद गुर्जर के नाम पर रखने की मांग दोहराई। लंबे समय से की जा रही नामकरण की मांग शहीद की बहन संजू गुर्जर ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान अर्जुन सिंह गौड़ ने खानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नाम शहीद राजेंद्र प्रसाद गुर्जर के नाम पर रखने की मांग को फिर से प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि यह मांग लंबे समय से की जा रही है। इसे पूरा कराने के लिए सरकार के स्तर पर हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। गौड़ ने कहा कि देश के वीर सैनिक राष्ट्र की शान हैं। उनकी शहादत को हमेशा याद रखना और उनके योगदान का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। 1995 में आतंकियों के बम धमाके में हुए थे शहीद अमर शहीद राजेंद्र प्रसाद गुर्जर का जन्म 5 जुलाई 1970 को खानपुर तहसील के बड़बेली गांव में हुआ था। उन्होंने भारतीय सेना में सेवा देने के बाद ब्लैक कैट कमांडो के रूप में देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 31 अगस्त 1995 को पंजाब के चंडीगढ़ में तत्कालीन पंजाब के मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की सुरक्षा में तैनात रहते हुए पाकिस्तानी आतंकवादियों के बम धमाके में वे वीरगति को प्राप्त हुए थे। देश की सुरक्षा में कर्तव्य निभाते हुए दी गई उनकी शहादत को आज भी क्षेत्र के लोग गर्व और सम्मान के साथ याद करते हैं। पिता और बहनों ने भी दी श्रद्धांजलि पुण्यतिथि के अवसर पर शहीद के पिता लक्ष्मणलाल बड़बेली सहित कई गणमान्य लोगों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। शहीद की बहनों रीना, कौशल्या, मंजू और इंदिरा बाई ने भी स्मारक पर पुष्प अर्पित किए। जनप्रतिनिधि और पूर्व सैनिक रहे मौजूद कार्यक्रम में खानपुर विधायक सुरेश गुर्जर, सरपंच संघ अध्यक्ष व भाजपा नेता अर्जुन सिंह गौड़, वीरांगना शीला मीना, पूर्व सैनिक हेमराज हाड़ा, हवलदार मोहम्मद मंजूर, शिवराज सिंह सहित सामाजिक कार्यकर्ता, शहीद के परिजन और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. देवीशंकर नागर ने किया।