खैरथल-तिजारा जिले की किशनगढ़बास पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कथित साइबर ठगी में संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक आईफोन सहित कुल आठ मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। इस संबंध में दो प्रकरण दर्ज कर पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच जारी है। एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि 27 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी। इसमें बताया गया था कि कुछ व्यक्ति एकांत स्थान पर बैठकर साइबर ठगी की गतिविधियों में शामिल हैं। इस सूचना पर किशनगढ़बास थाना पुलिस की टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके से संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पांच व्यक्तियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुर्शीद पुत्र बुद्वन (32), निवासी खरकबास, रघुनाथगढ़ (कोलाणी), थाना नौगांव; तोफिक पुत्र अलीमोहम्मद (26), निवासी खरकबास, रघुनाथगढ़ (कोलाणी), थाना नौगांव; यूनूस खान पुत्र बसीर खान (27), निवासी पाटनभान, थाना नौगांव के रूप में हुई है। इसके अतिरिक्त, दिलशाद खान पुत्र मामुदीन (21) और सोहिल खान पुत्र मामुदीन (19), दोनों निवासी रजनी का बास, ओदरा, थाना किशनगढ़बास भी गिरफ्तार किए गए हैं। मोबाइल फोन और सिम कार्ड की जांच शुरू पुलिस ने आरोपियों से बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। डिजिटल साक्ष्यों की गहनता से जांच की जा रही है। इसका उद्देश्य ये पता लगाना है कि आरोपियों ने अब तक कितने लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाया है और इस नेटवर्क में उनके साथ अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। ये कार्रवाई एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन में तथा एडिशनल एसपी जयसिंह और किशनगढ़बास डीएसपी लालसिंह यादव के पर्यवेक्षण में की गई। प्रशिक्षु आरपीएस एवं थानाधिकारी नेहा मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम में एएसआई ज्ञानचंद, एएसआई कृष्णचंद, कॉन्स्टेबल विनोद, नागर मीणा, जयसिंह, विनोद और अकबर शामिल थे।