खैरथल-तिजारा में सावन के अंतिम सोमवार को जिले में सुबह करीब 6 बजे से 10 बजे तक तेज बारिश हुई। सरकारी आंकड़ों के अनुसार सुबह 8 बजे तक तिजारा में सबसे ज्यादा 44 MM बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश के चलते किशनगढ़बास और खैरथल शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। तेज बारिश के बाद खैरथल के प्रमुख अंडरपास में करीब 7 फीट पानी भर गया। इसी दौरान एक कार पानी में फंस गई। कार को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में अंडरपास से पानी निकालने के लिए मोटर लगाई गई। किशनगढ़बास के बाजारों में घुसा पानी किशनगढ़बास में बारिश का पानी बाजारों, मुख्य सड़कों, कॉलोनियों और निचले इलाकों में जमा हो गया। बाजारों में पानी भरने से दुकानदारों को परेशानी हुई। कई दुकानों में भी बारिश का पानी घुस गया। लोगों को घंटों तक जलभराव से जूझना पड़ा। बारिश रुकने के बाद भी कई इलाकों में पानी जमा रहा। तेज बारिश ने खैरथल की सफाई और जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी। नगर परिषद की ओर से सफाई व्यवस्था पर करीब 2 करोड़ रुपए खर्च किए जाते हैं। इसके बावजूद नाले-नालियां अवरुद्ध होने और उन पर अतिक्रमण के कारण बारिश का पानी आसानी से बाहर नहीं निकल सका। कई जगह नालों की गंदगी और कीचड़ बारिश के पानी के साथ सड़कों पर बहता नजर आया।