कोटा में महिला के गले से चेन तोड़कर फरार होने वाले 2 बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पहले उद्योग नगर इलाके से बाइक चोरी की थी, उसके बाद नई सिम खरीदकर कोटड़ी में चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने कोटा में महिला की चेन तोड़कर उसे सूरत में बेच दिया। पहले बाइक चोरी की फिर चेन तोड़कर आरोपी फरार गुमानपुरा सीआई एसके सिंह ने बताया कि घटना 12 अगस्त शाम करीब 5 बजे कोटड़ी इलाके की है। छावनी रोड के पास बाइक सवार 2 बदमाशों ने बच्ची के साथ पैदल जा रही महिला के गले से चेन तोड़ ली थी। महिला ने शिकायत में बाइक नंबर भी बताया। शिकायत के बाद पुलिस ने गुमानपुरा, छावनी, नयापुरा और कुन्हाड़ी इलाके के CCTV कैमरे खंगाले। अगले दिन कुन्हाड़ी पुलिया के नीचे वही बाइक लावारिस मिली। जांच में पता चला कि बाइक उसी दिन उद्योग नगर से चोरी की गई थी। सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध चोर पुलिस को सीसीटीवी में 2 संदिग्ध युवक ऑटो में बैठते नजर आए। दोनों ने छोटी पगड़ी पहन रखी थी। आसपास पूछताछ करने पर एक चाय की दुकान पर दोनों ने चाय भी पी। पुलिस ने चायवाले के मोबाइल पर हुए ऑनलाइन पेमेंट से नंबर हासिल किया। CDR जांच में सामने आया कि सिम वारदात से दो दिन पहले नयापुरा से दीप सिंह के नाम पर खरीदी गई थी। पुलिस टीम ने सूरत पहुंचकर मध्यप्रदेश निवासी दीप सिंह उर्फ दीप सेंधवा को पकड़ा। पूछताछ में उसने साथी दीपाल सिंह का नाम बताया। दीपाल मूलतः बांसवाड़ा का रहने वाला है और वड़ोदरा में रह रहा था। दोनों रिश्तेदार हैं। पुलिस के अनुसार दोनों बड़े शहरों में जाकर चेन स्नैचिंग करते और फरार हो जाते थे। पूछताछ में जोधपुर समेत अन्य शहरों में भी वारदात करना कबूला है। पुलिस दोनों को सूरत ले गई है, जहां चोरी की चेन बरामद करने की कार्रवाई की जा रही है।