कोटा में नगर निगम चुनाव के बीच बीजेपी-कांग्रेस का डोर-टू-डोर प्रचार तेज हो गया है। बीजेपी और कांग्रेस के प्रत्याशी अलग-अलग वार्डों में घर-घर जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं। प्रत्याशियों के साथ पार्टी के बड़े नेता भी मैदान में उतर चुके हैं। दोनों पार्टियां जनता को अपने-अपने कार्यकाल और सरकार की ओर से कराए गए विकास कार्य बता रही हैं। बीजेपी और कांग्रेस के नेता एक-दूसरे पर चुनावी आरोप-प्रत्यारोप भी कर रहे हैं। बीजेपी से कोटा विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि एयरपोर्ट के साथ मुकुंदरा टाइगर रिजर्व से जुड़े विकास कार्यों पर काम हुआ है। शहर के सभी पार्कों में हाईटेक पार्क बनाए गए हैं और ओपन जिम लगाए गए हैं। इसके अलावा स्वच्छ वार्ड बनाने की दिशा में भी काम किया गया है। वहीं कांग्रेस जिला अध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि जिस दिन चुनाव का रिजल्ट आएगा, उस दिन एक तरफा कांग्रेस का माहौल दिखाई देगा। उन्होंने सीएम के दौरे पर कहा कि जैसे एमपी-एमएलए का चुनाव हो रहा हो, वैसे मुख्यमंत्री को कोटा का दौरा करना पड़ रहा है। बीजेपी का डर साफ दिखाई दे रहा है। संदीप शर्मा बोले- चुनाव के समय ही लोगों के बीच नहीं आते कोटा विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि बीजेपी प्रत्याशी ढाई साल के विकास कार्यों को लेकर घर-घर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका सीधा संपर्क कार्यकर्ताओं और आम लोगों से रहता है। ऐसा नहीं है कि चुनाव के समय ही वे वोट मांगने के लिए लोगों के बीच आते हैं। वे अपने क्षेत्र के लोगों के बीच लगातार रहते हैं और लोग भी उनके संपर्क में रहते हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में बड़े विकास कार्य हुए हैं। प्रत्याशियों के चयन पर बोले- बारीकी से टिकट दिए विधायक ने कहा कि बीजेपी ने जितने भी प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं, उनका चयन बिल्कुल बारीकी से किया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने प्रत्याशियों का चयन सोच-समझकर किया है और निर्दलीय प्रत्याशियों का प्रभाव बीजेपी पर नहीं पड़ने वाला। उन्होंने कहा कि पार्टी से जो भी बागी हुआ है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बीजेपी अपने स्तर पर बागियों को लेकर सख्त रुख अपनाएगी। कांग्रेस ने बीजेपी पर चुनाव नहीं कराने की कोशिश का आरोप लगाया कांग्रेस जिला अध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि कांग्रेस के पक्ष में पूरी तरह माहौल है। जिस दिन चुनाव का रिजल्ट आएगा, उस दिन एक तरफा कांग्रेस का माहौल दिखाई देगा। बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी ने पहले कोशिश की थी कि चुनाव करवाए ही नहीं जाए लेकिन जब कोर्ट की इन पर मार पड़ी तो इन्हें चुनाव करवाने पड़े। उन्होंने कहा कि जब लॉटरी निकली तो कई वार्डों में आरक्षण की स्थिति बदल गई। कई वार्ड जनरल की जगह एससी, ओबीसी की जगह एसटी जैसी सीटों में आ गए, जिससे काफी डिस्टरबेंस हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सभी टिकटों का चयन बहुत अच्छे तरीके से किया है। उन्होंने दावा किया कि जनरल की जगह जनरल, एसटी की जगह एसटी, एससी की जगह एससी और ओबीसी की जगह ओबीसी प्रत्याशी को टिकट दिया गया है। उन्होंने कहा कि अधिकतर टिकटों में कांग्रेस ने जेनरेशन के युवाओं को मैदान में उतारा है, जो बीजेपी पर भारी पड़ रहा है। कांग्रेस के करीब 20 बागियों पर बोलीं राखी गौतम कांग्रेस के करीब 20 बागियों के सवाल पर जिला अध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि कांग्रेस एक बड़ा परिवार है। यदि किसी से गलती हो गई है तो उसे समझाइश की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर वे कांग्रेसी हैं तो पार्टी उन्हें नुकसान नहीं पहुंचाएगी, लेकिन अगर कोई बागी गलत काम करेगा तो उस पर कार्रवाई भी होगी। राखी गौतम ने बताया कि पार्टी ने उनसे एक सूची मांगी थी, जो लोग निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं, उनके नाम पार्टी को भेजे गए हैं। पार्टी की ओर से इन लोगों से बातचीत की जाएगी। कांग्रेस ने लगाया आचार संहिता उल्लंघन का आरोप नगर निगम चुनाव के बीच बीजेपी विधायक संदीप शर्मा के लेटर पैड को लेकर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस जिला अध्यक्ष राखी गौतम ने संदीप शर्मा पर आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था। इस पर संदीप शर्मा की ओर से कहा गया कि लेटर पैड की डेट AI के जरिए चेंज की गई है और इसी को प्रचार-प्रसार किया गया। इस पर राखी गौतम ने कहा कि इस मामले में लेटर पैड पर ओरिजिनल सिग्नेचर नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर इस लेटर पैड की जांच हो जाए तो 100 प्रतिशत फॉल्ट मिलेगा। CM के कोटा दौरे पर कांग्रेस का तंज मुख्यमंत्री के कोटा दौरे को लेकर भी कांग्रेस ने बीजेपी पर चुनावी तंज कसा। राखी गौतम ने कहा कि यह शर्म आने की बात है कि जैसे एमपी-एमएलए का चुनाव हो रहा हो, वैसे मुख्यमंत्री को कोटा का दौरा करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इतने छोटे चुनाव, यानी वार्ड के चुनाव में मुख्यमंत्री को कोटा आना पड़ रहा है। इससे कांग्रेस की ताकत साफ नजर आती है और बीजेपी का डर भी दिखाई दे रहा है।