कोटा में प्रचार के दौरान कांग्रेस और बीजेपी के प्रत्याशी आमने सामने आ गए। इस दौरान दोनों दलों के प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं ने आपस में हाथ मिलाकर प्रचार शुरू किया। वहीं शहर के वार्ड 33 के निवासियों ने चुनाव में वोटिंग का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है। मूलभूत सुविधाओं के अभाव में वोटिंग का बहिष्कार दरअसल, शहर की रॉयल सनसिटी कॉलोनी के निवासियों ने मूलभूत सुविधाओं के अभाव का आरोप लगाते हुए चुनाव में वोटिंग के बहिष्कार की चेतावनी दी है। वार्ड नंबर 33 में आने वाले इस एरिया के रहने वाले लोगों का आरोप है कि वार्ड में काम हो नहीं रहे हैं। ऐसे में हम वोटिंग नहीं करेंगे। स्थानीय निवासी मोहन सैनी ने बताया कि यूआईटी द्वारा जारी वर्क ऑर्डर सूची में 89 नंबर पर उनकी कॉलोनी का नाम दर्ज था। इसके बावजूद यहां सड़क निर्माण काम शुरू नहीं कराया गया और काम को रद्द कर दिया गया। कॉलोनी की सड़कों में बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिनमें जलभराव की स्थिति बनी रहती है। मोहन सैनी ने आरोप लगाया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कॉलोनी का एक बार भी दौरा नहीं किया। स्ट्रीट लाइट के खंभों पर लाइटें तक नहीं लगाई गई हैं। कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही उनकी मांगों पर ध्यान देकर मूलभूत सुविधाओं का विकास नहीं किया गया, तो आगामी चुनावों में कॉलोनी के लगभग 500 मतदाता मतदान का पूर्ण बहिष्कार करेंगे। आमने सामने आए प्रत्याशी तो मिलाया हाथ कोटा के वार्ड 54 से भी प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार के दौरान एक तस्वीर सामने आई है। जब बीजेपी-कांग्रेस के प्रत्याशी वार्ड में प्रचार पर निकले तो दोनों, कार्यकर्ताओं के साथ एक दूसरे के सामने आ गए। इस दौरान दोनों ही प्रत्याशियों ने एक दूसरे से हाथ मिलाया। एक दूसरे के कार्यकर्ताओं ने भी हाथ मिलाया, गले लगे और फिर चुनाव प्रचार में आगे निकल गए।