कोटा नगर निगम चुनाव के लिए नामाकंन दाखिल हो चुके हैं। कांग्रेस की तरफ से प्रत्याशी भी फाइनल हो चुके है। कोटा में कांग्रेस ने वार्ड नंबर 94 से गिफ्ट शॉप चलाने वाले कार्यकर्ता की पत्नी को चुनावी मैदान में उतारा है। इसके अलावा मजदूरी करने वाले एक कार्यकर्ता को टिकट दिया गया है। वार्ड नंबर 4 से दीपक भील को सिंबल मिला है। दीपक खुली मजदूरी करते हैं। इस बार पूर्व पार्षदों को मौका मिलने के साथ ही कॉलेज स्टूडेंट, जेन जी यानी युवा चेहरों को भी मौका मिला है। इस बार कांग्रेस ने अधिकारिक तौर पर कोई सूची जारी करने के बजाय सीधा सिंबल अलॉट किए हैं। अब जानिए अपने वार्ड के प्रत्याशियों के बारे में .... पति की गिफ्ट शॉप, खुद गृहणी कांग्रेस ने वार्ड नंबर 94 से दीपा मंगल(40) को चुनावी मैदान में उतारा है। दीपा मंगल खुद गृहणी है। उनके पति विकास मंगल की गिफ्ट शॉप है। दीपा मंगल इन्द्रा विहार की रहने वाली है। दीपा ने जीवाजी यूनविर्सटी से साल 2008 में एम कॉम किया है। दीपा लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से कार्यकर्ता के रूप में जुड़ी हुई है। इस बार पार्टी ने मौका दिया तो पहली बार चुनाव लड़ रहीं है। आप पार्टी से कांग्रेस में आई, चुनावी मैदान में उतरीं वार्ड 56 से कांग्रेस ने तारा सिंह(64) को टिकट दिया है। तारा सिंह पहले आप पार्टी में थी, कुछ दिन पहले ही उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन की। इस वार्ड में कांग्रेस के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं होने के चलते एकमात्र दावेदारी तारा की थी। तारा गृहणी हैं, जबकि उनके पति निक्का सिंह का खुद का व्यवसाय है। तारा सिंह ग्रेजुएट हैं और उन्होंने बीए किया है। वार्ड 56 में उनका मुकाबला बीजेपी की सोमा अहलूवालिया से होगा। सोमा के पति योगेश पहले इसी एरिया से पार्षद रह चुके हैं। पूर्व डिप्टी मेयर का टिकट कटा पूर्व डिप्टी मेयर पवन मीणा का भी कांग्रेस से टिकट कट गया। वह वार्ड 24 से दावेदारी कर रहे थे। इसके अलावा कांग्रेस कार्यकर्ता विशाल मेवाड़ा ने भी नामाकंन भर दिया था, लेकिन उनका नाम भी काट दिया गया है। वह वार्ड 91 से दावेदारी कर रहे थे। कॉलेज स्टूडेंट को टिकट, युवाओं पर भी खेला दांव कांग्रेस ने इस बार कॉलेज स्टूडेंट को भी टिकट दिया है। वार्ड नंबर 78 से रिदम शर्मा (22) को पार्टी ने टिकट दिया है। रिदम अभी ग्रेजुएशन कर रहे हैं और फाइनल इयर में है। इसके अलावा रिदम NSUI प्रदेश सचिव के पद पर भी है। पार्टी ने इस बार युवाओं पर भरोसा जताया है। पार्टी ने प्रतिभा नाथ(29), भावना पुरूषवानी (33), फेजल बेग(27) समेत कई युवा चेहरों को चुनाव मैदान में उतारा है। इसके साथ ही वकील, रियल एस्टेट कारोबारी, रेलवे ठेकेदार, समेत कई कार्यकर्ताओं को टिकट दिए हैं। जानिए, हर वार्ड के प्रत्याशियों का प्रोफाइल